Kushinagar News: जिले के 245 ग्राम सचिवालयों तक ही पहुंचा हाईस्पीड इंटरनेट, 735 बाकी
Kushinagar News: कुशीनगर जिले की ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार धीमा हो गया है। 980 ग्राम पंचायतों में से केवल 245 पंचायतों में हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन स्थापित किया गया है। डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने पंचायत सचिवों को इसके लिए सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर कनेक्शन नहीं लगवा पाते हैं तो उनका वेतन रोका जाएगा।
Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। जिले की ग्राम पंचायतों में बने पंचायत सचिवालयों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की कवायद सुस्त पड़ गई है। जिले के कुल 980 ग्राम पंचायतों में अब तक महज 245 पंचायतों में ही हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन लग सका है, जबकि 735 ग्राम पंचायतें अभी भी इंटरनेट सुविधा से वंचित हैं। इसे लेकर डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने नाराजगी जताते हुए पंचायत सचिवों को हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन नहीं लगने पर वेतन पर रोक लगाने के कड़े निर्देश दिये हैं।
निराशाजनक प्रगति
डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने ग्राम पंचायत सचिवों और सहायक विकास अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा है कि पंचायत सचिवालयों में हाईस्पीड इंटरनेट लगाने के लिए पूर्व में कई बार मीटिंग और वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद 26 सितंबर तक बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में इंटरनेट कनेक्शन नहीं लगाया गया है। उन्होंने इसे शासन की मंशा के विपरीत बताते हुए शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन लगवाने का निर्देश दिया है।
कार्रवाई की चेतावनी
कनेक्शन लगने के बाद एंगल कैमरा से फोटोग्राफ कराकर डीपीआरओ कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देशे दिये हैं। उन्होंने निर्धारित समय में इंटरनेट कनेक्शन नहीं लगवाने वाले ग्राम पंचायत सचिवों के वेतन को अग्रिम आदेश तक बाधित करने की चेतावनी दी है। साथ ही संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही गई है। उन्होंने कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव की तय की है。

