अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके कुशीनगर के बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी
Kushinagar News - कुशीनगर के बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर डीएम और अन्य अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया। आकाश ने एशिया कप में भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और श्रीलंका को हराकर खिताब जीता। यह सफलता विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

कुशीनगर। जिले के उभरते बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जनपद सहित पूरे उत्तर प्रदेश और देश में हर्ष व गर्व का वातावरण है। इस सफलता पर उन्हें डीएम महेंद्र सिंह तंवर, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव व दिव्यांग जनकल्याण अधिकारी अभय पांडेय आदि द्वारा सम्मानित किया गया। कसया थाना क्षेत्र के पकवा इनार निवासी नंदलाल सैनी का पुत्र आकाश सैनी ने अपने क्रिकेट जीवन की शुरुआत डायमंड क्रिकेट एकेडमी से की, जहां उन्होंने विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। कोविड-19 काल के दौरान वे अपने गृह जनपद लौट आए और वर्तमान में कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी में नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निरंतर विकसित कर रहे हैं।
लखनऊ प्रवास के दौरान आकाश सैनी ने डिफ क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़कर उत्तर प्रदेश की ओर से लगभग 20 टूर्नामेंट मैच खेले, जिनमें राष्ट्रीय व जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मात्र 17 वर्ष की आयु में पहली बार उनका चयन भारतीय बधिर क्रिकेट टीम में एशिया कप के लिये किया गया। वह 18 से 25 फरवरी 2026 तक एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के माध्यम से आयोजित बधिर क्रिकेट एशिया कप का आयोजन बाराबती स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल व श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया। आकाश सैनी भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे। उनके शानदार प्रदर्शन व पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से पराजित कर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार व दिव्यांग जनकल्याण अधिकारी अभय पांडेय ने कहा कि आकाश सैनी की यह उपलब्धि न केवल कुशीनगर, बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद आकाश ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य खिलाड़ियों विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिला प्रशासन द्वारा आकाश सैनी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


