सड़कों के किनारे झूलते तारों और केबिल से मंडरा रहा खतरा

Feb 10, 2026 10:21 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share

Kushinagar News - पडरौना शहर में एचटी बिजली के खंभे और झूलते तार सड़क पर खतरनाक स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। बिजली निगम के अभियंता इन जर्जर खंभों और तारों की मरम्मत में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। रोजाना हजारों वाहन इन खतरनाक रास्तों से गुजरते हैं, जो बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

सड़कों के किनारे झूलते तारों और केबिल से मंडरा रहा खतरा

कुशीनगर। यदि आप पडरौना शहर की सड़क से गुजर रहे हैं तो जरा संभलकर। शहर में कुछ ऐसे स्थान हैं, जहां एचटी लाइन के टेढ़े बिजली के खंभे हों या फिर जर्जर झूलते तार। ये कभी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। क्योंकि बिजली निगम के अभियंता या तो इन खंभों या तारों से बेखबर हैं अथवा इन्हें दुरुस्त कराने की जरुरत नहीं समझते। खतरनाक होती जा रही इस समस्या के बारे में सुनते ही चुप्पी साध जाते हैं। पडरौना शहर लंबे समय से जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। इससे बचने के लिए लोग बाईपास सड़क या अन्य शार्टकट्स से होकर निकलते हैं, लेकिन ऐसे रास्तों में खतरा हर वक्त बना रहता है।

पडरौना शहर में बलुचहां के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल से बावली चौक जाने वाले बाईपास सड़क पर हाईटेंशन लाइन के खंभे तारों के सहारे लटके हुए हैं। आंधी अथवा किसी वाहन की टक्कर से कभी भी ये टूटकर सड़क पर गिर सकते हैं, लेकिन बिजली निगम के अभियंता इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी तरह रामकोला रोड पर बिजली के खंभों पर तारों का जंजाल भी है। नौका टोला के सामने बिजली के खंभों पर तार आपस में इस कदर उलझे हुए हैं कि लोग अपना कनेक्शन भी नहीं जान पाते। आस-पास के दुकानदारों का कहना है कि नंबर क्रमवार दर्शाने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस मार्ग से हर दिन गुजरते हैं हजारों वाहन पडरौना-कसया, पडरौना-तमकुहीराज, कोतवाली रोड, मेन बाजार, बाईपास रोड सहित कई मार्ग ऐसे हैं, जिसो होकर सैकड़ों लोगों का हर दिन आना जाना है। रामकोला रोड, मेन बाजार रोड, कसया रोड व तमकुहीराज रोड आदि मार्गों पर सड़क के किनारे एचटी लाइन के पोल पोल लगे हैं, जो टेढ़े होकर सड़क की तरफ झुके हैं। आंधी या किसी वाहन की ठोकर से इनके सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन बिजली निगम के जिम्मेदारों को यह समस्या दिखती ही नहीं है। इसी तरह रामकोला रोड पर बिजली के खंभों पर तारों का जाल और केन यूनियन के पास लकड़ियों में बांधे गए जर्जर तारों को बदलने में बिजली निगम की रुचि नहीं दिख रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।