
मददगारों की आर्थिक सहायता का क्रम जारी, जागृति का जाना हाल
Kushinagar News - कुशीनगर में कैंसर पीड़ित जागृति पांडेय को आर्थिक मदद मिल रही है। जागृति के संघर्ष को देखकर लोग आगे आ रहे हैं और सहानुभूति जता रहे हैं। विधायक और व्यवसायियों ने भी मदद का आश्वासन दिया है। जागृति ने समाज के प्रति आभार व्यक्त किया और मदद से आत्मविश्वास बढ़ने की बात कही।
कुशीनगर। कैंसर पीड़ित जागृति पांडेय से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद इसका असर लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी देखने को मिला। पहले दिन सदर विधायक प्रतिनिधि और सामाजिक लोगों ने सहयोग किया था, तो वहीं दूसरे दिन भी कई संवेदनशील लोगों ने आगे बढ़कर जागृति की आर्थिक मदद की। लोगों से मिल रहे सहयोग के प्रति जागृति और उनके परिजनों ने आभार जताया। जागृति ने कहा कि, लगातार मिल रही मदद से उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है और इलाज को लेकर नई उम्मीद जगी है। परिजनों ने कहा कि, आर्थिक सहायता के साथ-साथ लोगों का अपनापन और सहानुभूति इस मुश्किल समय में सबसे बड़ा सहारा बन रही है।
सोशल मीडिया पर भी लोग एक-दूसरे से मदद की अपील कर रहे हैं। जागृति और उनके पति अमर पांडेय समेत सभी ने ‘हिन्दुस्तान’ के प्रति आभार जताया। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने 4 फरवरी को ‘उम्मीद की ‘जागृति’ कैंसर से लड़ रही तीसरी बार जंग’ के शीर्षक से खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। शुक्रवार को भी जागृति पांडेय के आवास पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने जागृति से फोन पर बातचीत की और उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए आर्थिक सहायता भी की। खड्डा विधायक ने कहा कि लोकप्रिय समाचार पत्र ‘हिन्दुस्तान’ में प्रकाशित खबर पढ़ने के बाद उन्हें जागृति के बारे में जानकारी मिली। जागृति कैंसर जैसी घातक बीमारी से जूझ रहीं हैं, लेकिन वह अपने हौसले की बदौलत अन्य मरीजों को भी जीवन जीने की राह दिखा रही हैं। उनके इलाज में किसी भी तरह के धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक ने उनके पति से भी बातचीत की और आगे भी मदद का भरोसा दिलाया। वहीं, पडरौना शहर के प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी विष्णु टिबड़ेवाल और उनकी पत्नी निधि टिबड़ेवाल ने भी ‘हिन्दुस्तान’ में प्रकाशित खबर का संज्ञान लिया और जागृति के आवास पर पहुंचे। आर्थिक सहायता राशि देने के बाद निधि टिबड़ेवाल ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से तीसरी बार जूझ रही जागृति का संघर्ष समाज के लिए प्रेरणादायी है और ऐसे समय में मदद करना हर इंसान की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में और भी लोगों से संपर्क कर मदद जुटाने का प्रयास किया जाएगा ताकि जागृति पांडेय तीसरी बार इस घातक बीमारी को पराजित कर स्वस्थ जीवन जी सकें। इसके अलावा अंशुल जायसवाल, अभिषेक शर्मा व विकास वर्मा ने भी जागृति को आर्थिक सहायता प्रदान की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




