
पूर्व मंत्री व सेनानी रामायण राय की जयंती पर हुए कार्यक्रम
Kushinagar News - कुशीनगर, हिटी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रदेश सरकार में मंत्री और सांसद रहे रामायण राय
कुशीनगर, हिटी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रदेश सरकार में मंत्री और सांसद रहे रामायण राय की 105वीं जयंती रविवार को फाजिलनगर कस्बे के जूनियर हाईस्कूल में मनाई गई। इस मौके पर विविध कार्यक्रम जैसे पदयात्रा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान तथा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेनानियों के सम्मान में निकाली गई पदयात्रा से हुआ, जो गड़हिया से शुरू होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा। वहां आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि रामायण राय स्वतंत्रता संग्राम के साहसी योद्धा, सरल व्यक्तित्व के धनी व जनता के सच्चे नेता थे।

उन्होंने कहा कि रामायण राय ने देश और समाज के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष कार्य किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि रामायण राय ने न सिर्फ आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि जनप्रतिनिधि रहते हुए भी जनता की समस्याओं को सर्वोपरि रखा। कार्यक्रम को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, भाजपा नेता बैरिस्टर जायसवाल, डॉ. कन्हैया शर्मा आदि ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. प्रहलाद प्रजापति तथा संचालन कवि मनंजय तिवारी तथा दिनेश तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इसके पूर्व सभी ने स्वर्गीय रामायण राय के समाधिस्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके आश्रितों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में आयोजक एवं स्व. राय की पुत्री पूर्व विधायक शशि शर्मा तथा पौत्री तन्मया गोस्वामी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान राकेश कुमार शर्मा, रमेश कुमार मिश्रा, विशेश्वर नाथ अवस्थी, राजू मिश्रा, अनिल कुमार, अजय कुमार सिंह, भानु प्रताप द्विवेदी, सतेन्द्र नाथ चौधरी आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




