
राज दरबार की जमीन हड़पने के आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
Kushinagar News - पडरौना, निज संवाददाता। पडरौना राज परिवार से जुड़ी शरद कुमारी देवी
पडरौना, निज संवाददाता। पडरौना राज परिवार से जुड़ी शरद कुमारी देवी की जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए विक्रय के मामले में नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद सभी नामजद आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है, लेकिन फिलहाल सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। राज परिवार की शरद कुमारी देवी ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और जाली विक्रय विलेख तैयार कर नौ लोगों पर बिक्री किए जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में उनकी तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सुरेंद्र यादव, राजेंद्र यादव, मीरा पांडेय, बबीता सिंह, सुनीता सिंह, सत्येंद्र यादव, धनंजय पांडेय, पारसनाथ समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना समेत बीएनएस की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
केस दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ लोकेशन को चिह्नित कर सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उधर, इस पूरे मामले की विवेचना को मजबूत करने के लिए पुलिस अब पीड़िता शरद कुमारी देवी का बयान दर्ज करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि शरद कुमारी देवी वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहती हैं। चूंकि उनकी उम्र अधिक है और वह अस्वस्थ हैं, इसलिए पुलिस ने स्वयं उनके पास जाकर बयान दर्ज करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जल्द ही कोतवाली पुलिस जबलपुर के लिए रवाना होगी और वहीं पर पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा। माना जा रहा है कि शरद कुमारी देवी का बयान इस मामले में अहम कड़ी साबित होगा। उनके बयान के आधार पर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




