भगवान बुद्ध की स्मृतियों का अनुसरण करने को 3100 किमी पैदल चलेंगे बौद्ध भिक्षु
Kushinagar News - कुशीनगर में थाईलैंड से आए बौद्ध भिक्षुओं का समूह भगवान बुद्ध के पदचिन्हों पर 9वीं यात्रा कर रहा है। यह यात्रा 16 दिसंबर 2025 को कोलकाता से शुरू हुई और 3,100 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भिक्षु धम्म का अभ्यास करते हुए नेपाल के लुंबिनी की ओर बढ़ रहे हैं।

कुशीनगर। विश्व में बढ़ती अशांति और तनाव के बीच शांति, करुणा और मानवता का संदेश देने के उद्देश्य से थाईलैंड से पहुंचे बौद्ध भिक्षुओं का एक समूह भगवान बुद्ध के पदचिन्हों पर तपस्वी पदयात्रा भारत-नेपाल, 9 वीं यात्रा का संचालन कर रहा है। यह पदयात्रा भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े पवित्र स्थलों पर चलते हुए धम्म का अभ्यास और उनकी स्मृति का श्रद्धा पूर्वक अनुसरण करने के उद्देश्य से निकाली गई है। भारत में यात्रा की शुरुआत 16 दिसंबर 2025 को कोलकाता से हुई। इस पदयात्रा में थाईलैंड के विभिन्न मंदिरों से आए कुल 118 बौद्ध भिक्षु शामिल हैं। सभी भिक्षु सादगी और अनुशासन के साथ प्रतिदिन धम्म का अभ्यास करते हुए पदयात्रा कर रहे हैं।
लगभग 3,100 किलोमीटर की यह यात्रा 109 दिनों में पूरी की जाएगी। 118 बौद्ध भिक्षुओं का यह संघ कुशीनगर और पडरौना होते हुए रामकोला क्षेत्र में पहुंचा। रामकोला नगर क्षेत्र में एनएच-730 पर स्थानीय लोगों ने भिक्षुओं का स्वागत किया। भाषा की समस्या के कारण आम लोगों और भिक्षुओं के बीच संवाद में कुछ कठिनाई भी देखी गई, क्योंकि भिक्षुओं को हिन्दी भाषा का ज्ञान नहीं है। विश्व शांति और सद्भाव का संदेश लेकर निकला यह जत्था शुक्रवार दोपहर रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज पेट्रोल पंप के पास रुका, जहां पर भिक्षुओं ने भोजन किया। बौद्ध परंपरा के अनुसार भिक्षु दिन में केवल एक बार ही भोजन करते हैं। भोजन के बाद कुछ समय विश्राम करने के बाद सभी भिक्षु भगवान बुद्ध की जन्म स्थली लुंबिनी नेपाल के लिए प्रस्थान कर गए। यह यात्रा कप्तानगंज होते हुए सोनौली के रास्ते नेपाल में प्रवेश करेगी। नेपाल में लगभग 10 दिनों तक यात्रा करने के बाद यह विश्व शांति यात्रा पुनः भारत लौटेगी और सीमा के साथ आगे बढ़ते हुए रामपुरवा पहुंचेगी। वहां से नालंदा, राजगीर होते हुए अंततः बोधगया की ओर प्रस्थान किया जाएगा। यह धम्म यात्रा 3 अप्रैल 2026 को बोधगया में सम्पन्न होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



