भाजपा मंडल चुनाव के बाद तीन गांवों के 24 बूथ अध्यक्षों ने दिया इस्तीफा
Kushinagar News - कुशीनगर में भाजपा के मंडल अध्यक्षों के निर्वाचित होने के बाद कार्यकर्ताओं में विरोध शुरू हो गया है। कसया देहात मंडल के 24 बूथ अध्यक्षों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है, आरोप लगाते हुए कि नए मंडल अध्यक्ष...
कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्षों के निर्वाचित होने की सूची जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कसया देहात मंडल के कुड़वा दिलीपनगर, अंध्या व धुरिया में कुल 24 बूथ अध्यक्षों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा देकर निर्वाचन का विरोध किया है। कुड़वा दिलीपनगर में 14 बूथ अध्यक्षों और सक्रिय सदस्यों ने जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को अपने स्तीफा का पत्र भेजकर जताया है। इसी तरह अंध्या के कुल 4 व धुरिया के कुल 6 बूथ अध्यक्षों ने भी इस्तीफा भेजने की बात कही है। इस्तीफा देने वाले कसया देहात नेताओं ने आरोप लगाया है कि नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष अल्प समय से ही पार्टी में हैं। अभी सक्रिय सदस्य भी नहीं है। दूसरे दल से आयातित होने के बाद मंडल अध्यक्ष बनना हम सब कार्यकर्ताओं के आन मान सम्मान के साथ खिलवाड़ है। इस्तीफा देने वाले बूथ अध्यक्षो में रामनारायण, अश्वनी कुमार शर्मा, संदीप शर्मा, हर्ष गोंड़, अनुराग पाण्डेय, वीरेंद्र प्रसाद, राजन सिंह, पंकज चौरसिया, डॉ पारस कश्यप, उमेश यादव, जितेंद्र कुशवाह, हरिभुवन, केशव लाल कुशवाहा आदि शामिल हैं।
मेरी जानकारी में कहीं से किसी तरह के असंतोष के बात नहीं आयी है। चुनाव बिल्कुल निष्पक्ष संपन्न हुआ है। इन तीनों जगह पता कराता हूं। भाजपा परिवार है और कार्यकर्ता हमारे परिवार के सदस्य हैं। किसी को कोई समस्या है तो सबसे बात कर परिवार में ही उसका निस्तारण कर लिया जाएगा।
-दुर्गेश राय, जिलाध्यक्ष भाजपा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।