बनारस फिजियो कॉन्क्लेव में डॉ. मधुकर पांडेय हुए सम्मानित
Kushinagar News - बनारस में आयोजित फिजियो कॉन्क्लेव में डॉ. मधुकर पांडेय को उनके फिजियोथेरेपी में निरंतर सेवा और शोध के लिए सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने फिजियोथेरेपी की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में देशभर के विशेषज्ञों ने नवीन तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विचार साझा किए।

कुशीनगर। वाराणसी स्थित बीएयू के स्वतंत्रता भवन में बनारस फीजियो कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक रहे। बीते रविवार को बनारस फिजियो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्क्लेव में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुशीनगर जनपद के हाटा निवासी फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मधुकर पांडेय को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में लंबे समय से निरंतर सेवा, शोध और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मधुकर पांडेय ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व का विषय है और इससे उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने बनारस फिजियो एसोसिएशन व कार्यक्रम आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न शहरों से आए विशेषज्ञों ने फिजियोथेरेपी से जुड़ी नवीन तकनीकों, शोध और उपचार पद्धतियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में मुंबई से डॉ. अली ईरानी, दिल्ली से डॉ. सूरज यादव, लखनऊ से डॉ. बृजेश त्रिपाठी, गोरखपुर से डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. दीपू रॉय, डॉ. मनीष रॉय सहित कई प्रतिष्ठित फिजियोथेरेपिस्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने फिजियोथेरेपिस्टों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी का महत्व लगातार बढ़ रहा है और ऐसे आयोजनों से इस क्षेत्र को नई दिशा मिलती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


