खनन माफियाओं ने किया एई पर हमला, केस दर्ज
Kushinagar News - जटहां बाजार में कटाई भरपुरवा तटबंध का निरीक्षण करते समय बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने पर सहायक अभियंता विवेक त्रिपाठी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। मनबढ़ों ने जान से मारने की धमकी दी। अभियंता ने...

जटहां बाजार(कुशीनगर)। हिन्दुस्तान संवाद जटहां बाजार थाना क्षेत्र स्थित कटाई भरपुरवा तटबंध का निरीक्षण करने पहुंचे बाढ़ खंड के सहायक अभियंता ने शुक्रवार को बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक दी। इससे भड़के बालू माफियाओं ने एई पर हमला बोल दिया। मनबढ़ों ने मारने-पीटने के साथ ही दुबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। एई ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने अभियोग दर्ज नहीं किया है।
जटहां बाजार थाने में शुक्रवार को बाढ़ खंड के सहायक अभियंता विवेक त्रिपाठी ने तहरीर दी। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद वह अपने कर्मचारी विंध्याचल के साथ कटाई भरपुरवा तटबंध का निरीक्षण कर रहे थे। इसी बीच सफेद बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंची। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चालक से मेन रोड से जाने को कहा। बताया कि ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत की जा रही है कि ओवरलोड बालू लदी गाड़ियों के गुजरने से चार माह पूर्व बंधे पर बनी पिच टूट गई है। ट्रैक्टर चालक ने फ़ोन कर बालू माफियाओं से बात की। कुछ ही देर में दस से ज्यादा लोग पहुंच गए और उन पर हमला बोल दिए।
उन्होंने कहा कि मनबढ़ों ने धमकी दी कि वह यहां नजर आए तो बहुत पीटेंगे। हालांकि इस घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। लोगों का कहना है कि काफी दिनों से कटाई भरपुरवा के दियारा क्षेत्र में रात में बालू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। इस सम्बंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने कहा कि सूचना मिली है। जटहा एसओ से अभियोग दर्ज करने को कहा गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। दोषितयों पर कार्रवाई होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।