11 वर्षों से बंद पड़ा एएनएम सेंटर, टीकाकरण के लिए दूर जाते हैं लोग
कुशीनगर। दुदही ब्लॉक के गुरवलिया बाजार स्थित एएनएम सेंटर पिछले 11 वर्षों से बंद

कुशीनगर। दुदही ब्लॉक के गुरवलिया बाजार स्थित एएनएम सेंटर पिछले 11 वर्षों से बंद पड़ा है। रख-रखाव के अभाव में भवन पूरी तरह जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो गया है। इसके चलते क्षेत्र की हजारों आबादी को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और नवजात बच्चों को टीकाकरण व स्वास्थ्य जांच के लिए दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।गुरवलिया और आसपास के गांवों की करीब 10 हजार आबादी के लिए यह एएनएम सेंटर कभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। यहां गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों का टीकाकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित होती थीं।
लेकिन, वर्षों से भवन की मरम्मत न होने और विभागीय उपेक्षा के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई। वर्तमान में भवन उपयोग के लायक नहीं बचा है और पूरी तरह वीरान पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंटर बंद होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। किसी भी प्रकार की जांच, टीकाकरण या स्वास्थ्य परामर्श के लिए ग्रामीणों को दुदही, सेवरही अथवा अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है। आपात स्थिति में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाती, जिससे परेशानियां और बढ़ जाती हैं। वर्तमान में यहां तैनात एएनएम प्रतिभा को ठाड़ीभार एएनएम सेंटर में अस्थायी रूप से रहकर कार्य करना पड़ रहा है। गुरवलिया क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए एएनएम सेंटर का पुनर्निर्माण कर जल्द संचालन शुरू कराया जाना जरूरी है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी दुदही डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी सूचना शासन को भेज दी गई है।------ग्रामीणों ने उठाई नए भवन की मांग :व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, उपाध्यक्ष बबलू जायसवाल, चंदन पटेल, लक्ष्मण चौरसिया, शंभूशरण गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता, संदीप गुप्ता, सुनील गुप्ता, पारस गुप्ता व धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्षों से बंद पड़े एएनएम सेंटर के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से नया एएनएम सेंटर की मांग की है, जिससे नियमित स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हे सके।-----कोटगुरवलिया एएनएम सेंटर का वर्षों से बंद रहना गंभीर चिंता का विषय है। क्षेत्र की माताओं, बहनों और बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर जाना पड़ रहा है, जो उचित नहीं है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर प्रस्ताव देकर नया भवन बनवाया जाएगा। मेरी प्राथमिकता है कि गुरवलिया सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को उनके गांव के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।-सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, विधायक-फाजिलनगर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


