Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar News20th All India Martyr Major Amiya Tripathi Cricket Competition Begins in Kushinagar
क्रिकेटर नुजहत के साथ ओलंपियन ललित करेंगे अमिय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन

क्रिकेटर नुजहत के साथ ओलंपियन ललित करेंगे अमिय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन

संक्षेप:

Kushinagar News - कुशीनगर में 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को होगा। अर्जुन पुरस्कार विजेता ललित कुमार उपाध्याय और नुजहत परवीन द्वारा अमर जवान ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतीकात्मक मैच का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में रणजी और आईपीएल खिलाडियों की टीमें भाग लेंगी।

Dec 20, 2025 09:49 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share Share
Follow Us on

कुशीनगर। फाजिलनगर के पावानगर महावीर इण्टर कालेज के खेल ग्राउंड में 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को होगा। अर्जुन पुरस्कार विजेता हॉकी के ओलंपिक खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी नुजहत परवीन अमर जवान ज्योति प्रज्वलित करके प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। ज्योति प्रज्जवलित करने को पारंपरिक मशाल लेकर शहीद के गांव भेलया चंद्रौटा से 310 धावक ग्राउंड पर पहुंचेंगे। फाजिलनगर में प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके लिए पिच और ग्राउंड की तैयारी पूरी कर ली गयी है। शुक्रवार को मशाल धावकों को अंतिम रूप से प्रशिक्षित किया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कस्बे में शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी की याद में विगत 20 वर्षों से आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की इस क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ के पूर्व शनिवार को सुबह आठ बजे से कसया स्थित शहीद मेजर के प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद 51 धावक मशाल लेकर सपहा, तुर्कपट्टी होते हुए शहीद के पैतृक गांव भेलया पहुचेंगे। वहां शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद 310 अन्य धावक धविकाओं के साथ यह मशाल मोगलपुरा, पटहेरवा, काजीपुर होते हुए आयोजन स्थल पावानगर महावीर इंटर कालेज के खेल ग्राउण्ड पर पंहुचेगी। जहां दोनों अतिथि धावकों द्वारा लाए गए मशाल से अमर जवान ज्योति प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। मशाल धावकों पर जगह जगह फूल वर्षा कर स्वागत किया जायेगा। इसके बाद सेन्ट जोसफ स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पहले दिन प्रतीकात्मक मैच खेला जायेगा। प्रतियोगिता का पहला मैच 21 दिसंबर को खेला जायेगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमें रणजी और आईपीएल खिलाडियों से सजी होंगी। इस प्रतियोगिता के विजेता टीम को ट्राफी के साथ एक लाख पच्चीस हजार तथा उप विजेता टीम को पचहत्तर हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार में दी जाएगी। इसके अलावे मैच के मैन ऑफ सीरीज को हीरो मोटोकार्प की ओर से लेटेस्ट मॉडल की बाइक दी जाएगी। प्रतियोगिता के निर्णायक बीसीसीआई पैनल के अंपायर होंगे। थर्ड अंपायर की भूमिका निभाने को विशेष अंपायर की व्यवस्था की गयी है। डिजिटल स्कोर बोर्ड की भी व्यवस्था की गयी है। आयोजन समिति के संरक्षक शहीद मेजर के बड़े भाई रिटायर्ड आरटीओ अजय त्रिपाठी, राजन शुक्ला, विनीत कुमार बंटी, आजाद अंसारी, टीएन राय, सीओ जोश, संजय मणि, शिवशंकर तिवारी, प्रदीप सिंह, मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह, गुड्डू पाण्डेय, मुहम्मद आलम, चंदन दुबे, सुनील प्रजापति, पिंटू राव, मोनू इराकी, दारोगा भाई, असरफ अंसारी, भास्कर राय, गुड्डू सिंह, पिंटू सिंह, खुर्शीद आलम, उदयभान सिंह, सतेंद्र सिंह, कबीन्द्र सिंह आदि का विशेष योगदान है। यह टीमें करेंगी प्रतिभाग इस वर्ष प्रतियोगिता के ग्रुप ए में मेजबान टीम आजाद स्पोर्ट्स, एनई रेलवे, बोध गया, इलेवन बिहार, क्रिकेट एसोशिएस लखनऊ तथा ग्रुप बी में शौर्य क्रिकेट एकेडमी इन्दौर मध्य प्रदेश, स्पोर्ट्स मंत्रा हरियाणा, दिल्ली चैलेंजर्स, शालूदार एचसी मुम्बई की टीमें प्रतिभाग करेंगी। मैच फाइनल मुकाबला 27 को खेला जायेगा।