कुशीनगर में नारायणी नदी का कहर, बांध टूटने से बाढ़ की चपेट में आए कई गांव, CM ने खुद लिया जायजा

वरिष्ठ संवाददाता, कुशीनगर
Follow us on Google News
share

कुशीनगर में नारायणी नदी का पानी कई गांवों में घुस गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि नारायणी नदी की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन का कार्य कराया जाएगा ताकि तटबंध और उसके आसपास के गांव सुरक्षित रहें।

Kushinagar many villages were flooded cm yogi adityanath himself took stock of the situation
कुशीनगर में बांध टूटने से बाढ़ की चपेट में कई गांव आए

यूपी के कुशीनगर में नारायणी नदी का पानी कई गांवों में घुस गया है। हजारों परिवारों के सामने घर-गृहस्थी बचाने के साथ बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही राहत सामग्री वितरित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नारायणी नदी की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन (नदी के तय और सीधा रास्ता बनाना) का कार्य कराया जाएगा ताकि तटबंध और उसके आसपास के गांव सुरक्षित रहें और आगे से इलाके में कोई बाढ़ से प्रभावित न हो।

कुशीनगर में सोमवार रात जवहीं दयाल (चैनपट्टी) के ततवा टोला के पास नारायणी नदी के एपी तटबंध का कुछ हिस्सा टूटने के बाद मुख्यमंत्री ने रात में अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए थे। मंगलवार को स्वयं हालात का जायजा लेने पहुंचे। हवाई सर्वेक्षण कर तटबंध और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी। प्रभावित गांवों में जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। ऊंचे स्थानों पर शरण लिए ग्रामीणों के बीच जाकर उन्होंने लंच पैकेट और बच्चों को चॉकलेट वितरित किए। इसके बाद वह सेवरही क्षेत्र के इंटर कॉलेज बेदुपार पहुंचे और बाढ़ प्रभावित लोगों का दुख-दर्द साझा करते हुए राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ मुस्तैदी से खड़ी है। जलशक्ति मंत्री और सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देशित किया कि स्थिति सामान्य होने के बाद नारायणी नदी की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन का कार्य कराया जाए ताकि आगे से इलाके में कोई बाढ़ से प्रभावित न हो।

नारायणी में अचानक आया साढ़े पांच लाख क्यूसेक पानी

सीएम ने कहा कि पिछले चार दिन में मूसलाधार बारिश से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में त्रासदी का सामना करना पड़ा है। नेपाल में अतिवृष्टि से भारी पैमाने पर जल मैदानी इलाकों में आ गया। सामान्य दिनों में तीन लाख क्यूसेक पानी नारायणी में आता है लेकिन सोमवार को साढ़े पांच लाख क्यूसेक हो गया। इससे कई गांवों में पानी आ गया।

तटबंध टूटने के 24 घंटे बाद भी मरम्मत नहीं

जवहीं दयाल के पास एपी तटबंध टूटने के करीब 24 घंटे बाद भी कटे हिस्से की मरम्मत नहीं हो सकी है। नदी की तेज धारा के कारण बचाव कार्य में डाली जा रही सीमेंट, बोल्डर और अन्य सामग्री से भरी बोरियां भी पानी के तेज बहाव में बह जा रही हैं। शुरुआत में करीब 20 मीटर कटा तटबंध अब बढ़कर 80 मीटर से अधिक हो गया है। लगातार कटान के चलते तटबंध का बड़ा हिस्सा खतरे की जद में बना हुआ है।

एपी तटबंध टूटने के बाद कटान रोकने के लिए बोल्डर, जियोबैग और बोरियों के जरिए बचाव कार्य किया जा रहा है, लेकिन नदी की तेज धारा के सामने यह प्रयास फिलहाल कारगर नहीं हो पा रहा है। पानी के वेग के कारण कई बोरियां बह जा रही हैं। इससे कटे हिस्से को बंद करने में मुश्किल आ रही है और कटान लगातार बढ़ता जा रहा है। तटबंध टूटने के बाद अब अमवा और शिवपुर से ट्रॉलियों के जरिए बोल्डर मंगाए जा रहे हैं। इसके अलावा बाहर से भी ट्रकों से बोल्डर बुलाए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि जब एपी तटबंध पर हर साल बाढ़ और कटान का खतरा बना रहता है तो आपात स्थिति से निपटने के लिए बोल्डर, जियोबैग और अन्य जरूरी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक पहले से क्यों नहीं रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर पहले से पर्याप्त बचाव सामग्री उपलब्ध रहती तो कटान रोकने का काम समय रहते शुरू किया जा सकता था।

हजारों परिवारों पर टूटा संकट का पहाड़

पिपराघाट। बड़ी गंडक नदी के बढ़ते दबाव के बीच सोमवार की रात एपी बांध टूटने से तटवर्ती इलाके में बाढ़ का संकट गहरा गया है। बांध टूटते ही पानी तेजी से आसपास के गांवों की ओर बढ़ने लगा। देखते ही देखते करीब नौ गांव बाढ़ की चपेट में आ गए, जबकि आसपास के अन्य गांवों में भी पानी पहुंचने लगा है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, UP MLC Election Result Live, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकुशीनगर में नारायणी नदी का कहर, बांध टूटने से बाढ़ की चपेट में आए कई गांव