कुशीनगर में बाढ़ का कहर, तटबंध कटने के बाद बांध पर सिमटी ग्रामीणों की जिंदगी; चारे का भी संकट

हिन्दुस्तान संवाद, कुशीनगर
share

कुशीनगर में बाढ़ से जनजवीन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एपी तटबंध कटने के बाद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की जिंदगी तटबंध पर सिमट गई है। घरों में पानी घुसने के बाद कई परिवार जरूरी सामान समेटकर आसपास के ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं।

Kushinagar Flood
कुशीनगर में तटबंध कटने के बाद बांध पर सिमटी ग्रामीणों की जिंदगी

UP News: यूपी के कुशीनगर में बाढ़ से जनजवीन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एपी तटबंध कटने के बाद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की जिंदगी तटबंध पर सिमट गई है। घरों में पानी घुसने के बाद कई परिवार जरूरी सामान समेटकर तटबंध और आसपास के ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के बीच घर-गृहस्थी और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, कुछ लोग अभी भी बाढ़ के पानी से घिरे बताए जा रहे हैं। उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। तटबंध कटने के बाद अब राहत-बचाव के साथ क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करना भी बड़ी चुनौती बन गया है। मौके पर बाढ़ खंड के एसडीओ और अभियंता डटे हुए हैं। कटे हिस्से को संभालने के लिए जियोबैग तैयार किए जा रहे हैं, जबकि बोल्डर भी मौके पर पहुंचाए जा रहे हैं। नदी का जलस्तर घटने से बचाव कार्य में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन कटे हिस्से और आसपास पानी के दबाव को देखते हुए खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है।

योगी ने किया था बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा

मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने के साथ तटबंध की मरम्मत और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चिंता घर, खेत, पशुधन और बची हुई गृहस्थी को सुरक्षित रखने की है। तटबंध टूटने के बाद कई परिवारों को रातोंरात अपना घर छोड़कर बंधे पर शरण लेनी पड़ी। अब उनकी निगाहें प्रशासन की राहत व्यवस्था के साथ तटबंध को जल्द सुरक्षित किए जाने पर टिकी हैं। फिलहाल पानी का स्तर कम होने से राहत और बचाव कार्य में कुछ आसानी हुई है, लेकिन कटे हिस्से को स्थायी रूप से सुरक्षित किए जाने तक ग्रामीणों की मुश्किलें बनी रहने की आशंका है। बाढ़ खंड के सामने तटबंध को सुरक्षित करने के साथ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की दोहरी चुनौती है।

चारे पर भी गहराया संकट

बाढ़ का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। घरों से निकाले गए पशुओं को सुरक्षित रखने और उनके चारे का संकट गहराता जा रहा है। खेतों की घास, भूसा और अन्य चारा पानी में डूब गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी लंबे समय तक रहा तो पशुओं को बचाना भी बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल ग्रामीणों ने मवेशियों को बंधे पर रखा है। आस पास खेत भी डूब गए हैं। पशुओं को खिलाने में काफी परेशानी हो रही है। भूसा व चारा आदि से डूब गए हैं।

ग्रामीणों की चिंता यह भी है कि राहत का दौर खत्म होने के बाद क्या होगा। प्लास्टिक, चिउड़ा, आलू-प्याज कुछ दिनों का सहारा दे सकते हैं, लेकिन टूटे घर, बर्बाद खेत दोबारा करने में महीनों लगेंगे। बाढ़ के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचते हैं, लेकिन पानी उतरने के बाद घर की मरम्मत, फसल का नुकसान आदि को लेकर जूझना पड़ेगा।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकुशीनगर में बाढ़ का कहर, तटबंध कटने के बाद बांध पर सिमटी ग्रामीणों की जिंदगी