प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद को इजाजत नहीं, केपी कॉलेज ट्रस्ट ने परमिशन कैंसल किया

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद को इजाजत नहीं दी गई है। केपी कॉलेज ट्रस्ट ने परमिशन कैंसल किया। ट्रस्ट ने बुधवार को एक पत्र जारी कर कार्यक्रम की अनुमति निरस्त करने की जानकारी दी है।

Rahul Gandhi
प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद को इजाजत नहीं दी गई है। केपी कॉलेज ट्रस्ट ने परमिशन कैंसल किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले तैयारियों को बड़ा झटका लगा है, जिस केपी कॉलेज के मैदान पर यह कार्यक्रम होना था उसे संचालित करने वाले केपी ट्रस्ट ने बुधवार को एक पत्र जारी कर कार्यक्रम की अनुमति निरस्त करने की जानकारी दी है।

ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश और कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद कांग्रेस की विधि टीम सक्रिय हो गई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस लाइन पहुंचकर एडीसीपी अजय शर्मा से मुलाकात की। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी का कार्यक्रम आठ अगस्त को प्रयागराज में ही आयोजित होगा, कहां होगा इसका जवाब नहीं दिया गया।

कार्यक्रम से ठीक पहले अनुमति निरस्त किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे

शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने बताया कि केपी ट्रस्ट ने निर्धारित शुल्क लेकर पहले ही मैदान की बुकिंग कर दी थी और उसी के आधार पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मैदान पर पंडाल लगाने का काम भी शुरू हो चुका था। ऐसे में कार्यक्रम से ठीक पहले अनुमति निरस्त किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि कार्यक्रम के लिए अब तक 1.74 लाख छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम हर हाल में प्रयागराज में ही आयोजित किया जाएगा। हालांकि इस प्रकरण में केपी ट्रस्ट की ओर से कोई अधिकारी बयान जारी नहीं हुआ।

सरकार के दबाव में केपी कॉलेज मैदान की अनुमति रद्द: अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति निरस्त की गई है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को जारी आदेश में हाईकोर्ट के किसी निर्देश का उल्लेख नहीं था और उस समय मेजर रंजीत सिंह कॉम्प्लेक्स की रसीद भी जारी की गई थी। उनका दावा है कि यह भूमि ट्रस्ट की है, जिसका कॉलेज से कोई संबंध नहीं है और यहां पहले भी शादी-विवाह समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आठ अगस्त को प्रयागराज दौरा प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से केपी कॉलेज मैदान के स्थान पर हॉलैंड हॉल या भारत स्काउट एवं गाइड परिसर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। यदि इनमें से किसी स्थान की अनुमति नहीं मिलती है, तब भी राहुल गांधी प्रयागराज आएंगे और छात्रों से सड़कों पर संवाद करेंगे।

भाजपा सरकार छात्रों के मुद्दों पर होने वाले संवाद से घबरा रही

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों के मुद्दों पर होने वाले संवाद से घबरा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कोटा और देहरादून में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रमों को निरस्त किया गया था। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि छात्रों से संवाद का कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।