मेरा घर गिर गया, परिवार बिखर गया... मुझे माफ कर दो; एनकाउंटर के बाद गिड़गिड़ाया 50 हजार का इनामी शकील

लाइव हिन्दुस्तान, कौशांबी
Follow us on Google News
share

कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में वांछित आरोपी शकील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। वह फैक्टरी मालिक का भाई है। शकील का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है।

UP News: यूपी के कौशांबी के चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में वांछित आरोपी शकील को शुक्रवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। वह फैक्टरी मालिक का भाई है। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, लिखापढ़ी और पूछताछ के बाद शनिवार को चालान किया जाएगा। मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें शकील माफी मांगते हुए कह रहा है कि उसका घर गिर गया, परिवार बिखर गया है।

पटाखा फैक्टरी विस्फोट के बाद से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्य आरोपी नौशाद के भाई शकील पर 25 हजार का इनाम घोषित था। गुरुवार की देर रात आईजी ने इसे बढ़ाकर 50 हजार कर दिया था। शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन ने शकील के मकान पर भी बुलडोजर चला दिया। मुख्य आरोपी के बेटे आदिल के डीजे गोदाम पर भी बुलडोजर चला। बता दें कि प्रयागराज-कौशाम्बी के चिल्ला शहबाजी गांव में सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे मनौरी के नौशाद की अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था। धमाके से आसपास के चार मकान और बगल में स्थित बूंदी कारखाना जमींदोज हो गया था। इस घटना में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस मामले में नौशाद, उसके बेटे आदिल, पत्नी कहकशा बानो, भाई शकील समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

शुक्रवार को पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी स्थित शकील के मकान पर भी बुलडोजर चला। बताया जा रहा है कि यह इनका पैतृक मकान है। नौशाद का परिवार भी पहले यहीं पर रहता था। दस महीने पहले जब नौशाद ने अपना अलग मकान बनवा लिया तो वह परिवार सहित वहां रहने लगा था। अफसरों का कहना है कि 100 वर्गमीटर में बने इस मकान का नक्शा स्वीकृत नहीं था, इस वजह से यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने नौशाद के बेटे आदिल के डीजे गोदाम पर भी बुलडोजर चलाया। वहां रखा सारा सामान जब्त कर लिया गया है। पटाखा के अवैध कारोबार के साथ नौशाद डीजे का भी काम करता था।

शकील का वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर इनामी आरोपी शकील का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिस मुठभेड़ के बाद वह हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है। साथ ही कह रहा है, 'मेरा घर गिर गया, परिवार बिखर गया... मुझे माफ कर दो।'

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsमेरा घर गिर गया, परिवार बिखर गया... एनकाउंटर के बाद गिड़गिड़ाया इनामी