मंझनपुर। निज संवाददाता
महेवाघाट थाना क्षेत्र के डकशरीरा के समीप एक युवक की लाश संदिग्ध दशा में गुरुवार की रात मिली। शव नाली में पड़ा था। मृतक की बाइक बगल में पड़ी थी। शव मिलने की जानकारी होते ही महेवाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुम्हियांवा निवासी राम सिंह (27) पुत्र बृजमोहन यादव मेहनत मजदूरी करके अपना गुजर-बसर कर रहा था। गुरुवार की रात राम सिंह तकरीबन आठ बजे अपने घर से बाइक लेकर निकला। वह डकशरीरा में स्थित शराब की दुकान पहुंचा। इसके बाद देररात उसकी लाश हिनौता जाने वाली रोड पर शराब की दुकान से करीब सौ मीटर की दूर नाले में मिली। उसकी बाइक भी नाले में पड़ी थी। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से शराब की शीशी मिली। वह नाली में औंधे मुंह पड़ा था। पुलिस का दावा है कि अधिक शराब पीने से वह अनियंत्रित होकर नाली में गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। शव की पहचान होने पर परिजनों को जानकारी दी गई तो वह मौके पर पहुंचे। परिजन शव देखते ही दहाड़ें मारकर रोने लगे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।