
खेत जा रहे युवक को सांड़ ने पटक-पटककर मार डाला
Kausambi News - सिराथू में एक युवक को सांड़ ने गंभीर रूप से जख्मी कर दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 31 वर्षीय छोटू खेत जा रहे थे जब सांड़ ने उन पर हमला किया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद सिराथू तहसील के समीप मंगलवार की शाम पैदल खेत जा रहे युवक को सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। सिराथू के नया नगर मोहल्ला निवासी 31 वर्षीय छोटू पुत्र कुंवारे किसानी करते थे। मंगलवार की शाम वह पैदल खेत जा रहे थे। स्थानीय तहसील के सामने छुट्टा मवेशी (सांड़) ने उनके ऊपर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांड़ ने उनको पटक-पटककर मारा। मौके पर रहे लोगों ने लाठी पटककर किसी तरह सांड़ को खदेड़ा। घटना की सूचना पाकर पहुंचे परिवारीजनों ने गंभीर रूप से जख्मी युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। हालांकि, परिवार वालों ने उनको सिराथू के प्राइवेट अस्पताल में ही एडमिट करा दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात सांस थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़ितों को ढाढ़स बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों व रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। सिराथू चौकी पुलिस ने लिखापढ़ी कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




