कहासुनी के बाद दरोगा की पत्नी ने निगला जहर
Kausambi News - पइंसा थाना क्षेत्र के जवई पड़री गांव में एक महिला ने शुक्रवार को पति से फोन पर कहासुनी के बाद जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। महिला के परिवार का कहना है कि पति...

पइंसा थाना क्षेत्र के जवई पड़री गांव स्थित मायके में रह रही एक महिला ने शुक्रवार दोपहर दरोगा पति से फोन पर हुई कहासुनी के बाद जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जवई पड़री निवासी सविता पांडेय की शादी करीब दो साल पहले प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर में सबित पांडेय से हुई थी। सबित कानपुर के उजिहिनी थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। सविता के मौसा श्रवण पांडेय ने बताया कि दरोगा सबित को शराब के नशे की तल है। वह आए दिन नशे में धुत होकर पत्नी को पीटता था। इसी से परेशान होकर शादी के कुछ महीने बाद ही सविता मायके में रहने लगी। 18 दिसंबर को सविता का पथरी का ऑपरेशन हुआ था। श्रवण पांडेय के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर पति से उसकी फोन पर आम दिनों की तरह ही कहासुनी हुई। इसी के बाद उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर आननफानन में सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां हालत चिंताजनक बनी हुई है। पइंसा इंस्पेक्टर रोशनलाल का कहना है कि महिला के जहर खाने की मौखिक जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता के मौसा का कहना है कि सविता का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद आरोपी पति के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।