
संकट में अड़ार गांव के मतदाता, सूची से गायब
Kausambi News - सिराथू तहसील के बारा हवेली आइमा गांव के अड़ार मजरे के लगभग 100 मतदाता 2003 की मतदाता सूची में अपने नाम न मिलने से परेशान हैं। उन्होंने बीएलओ से संपर्क किया, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। यदि विवरण नहीं मिला, तो उनके नाम कटने का खतरा है।
सिराथू तहसील के बारा हवेली आइमा के मजरा अड़ार के लोग एसआईआर फॉर्म को लेकर परेशान हैं। गांव के लोगों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं मिल रहा है। परेशान लोगों ने बीएलओ संपर्क किया। आसपास के गांवों की सूची को भी खंगाला, लेकिन नाम नहीं मिल रहा। ये मतदाता कहां गए, कुछ नहीं मालूम। बारा हवेली आइमा गांव के मजरा अड़ार में लगभग 100 मतदाता हैं। ये अभी तक वोट देते आए हैं। पहले यहां के मतदाता दरियापुर गांव के मतदाता सूची में शामिल थे और वहीं वोट डालने जाते थे। इसके बाद इनका नाम बारा हवेली आइमा की सूची में आया।

अब यह बारा हवेली आइमा में वोट डालते हैं। एसआईआर फॉर्म सभी मतदाताओं को घर-घर वितरित कर दिया गया। फॉर्म मिलने के बाद लोगों ने डाटा भरने के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची को खंगालना शुरू किया तो उनके होश उड़ गए। मतदाताओं के माता-पिता का मतदाता सूची में नाम ही नहीं मिल रहा है। वह दोनों गांवों की मतदाता सूची को खंगाल चुके हैं। ब्यौरा न मिलने से मतदाताओं ने अपना डिटेल भरकर एसआईआर फॉर्म भरकर वापस कर दिया है। अब मतदाताओं को चिंता सता रही है कि यदि डिटेल नहीं मिला तो उनका नाम कटना भी तय है। बीएलओ भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




