वीरगाथा परियोजना से बच्चों में जगाई देशभक्ति की भावना

वीरगाथा परियोजना से बच्चों में जगाई देशभक्ति की भावना

संक्षेप:

Kausambi News - सिराथू के जूनियर विद्यालय सौरई बुजुर्ग में वीरगाथा परियोजना के तहत बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं को पोस्टर, निबंध और चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इस प्रतियोगिता में छात्रों को देशभक्ति और नागरिक चेतना के मूल्यों को समझाया गया। सभी प्रतिभागियों के कार्य पोर्टल पर अपलोड किए गए और चयनित छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

Nov 01, 2025 08:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद। देश के प्रति समर्पण, त्याग और वीरता की भावना को बच्चों के मन में संचारित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की वीरगाथा परियोजना के तहत जूनियर विद्यालय सौरई बुजुर्ग में प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों की गाथाओं को पोस्टर, निबंध और चित्रों के माध्यम से जीवंत किया। शनिवार को बीआरसी सिराथू के जूनियर विद्यालय सौरई बुजुर्ग में वीरगाथा परियोजना अंतर्गत प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। इस दौरान छात्रों को पांच टीमों में विभाजित किया गया। जिनका मार्गदर्शन विद्यालय के शिक्षकों ने किया। छात्र-छात्राओं ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, तात्या टोपे, एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. भीमराव आंबेडकर और सुब्रमण्यम भारती जैसी महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनकी वीरता, पराक्रम और देशभक्ति को अपने शब्दों और रंगों से सजाया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शिक्षक अजय कुमार साहू ने बताया कि वीरगाथा परियोजना की शुरुआत वर्ष 2021 में वीरता पुरस्कार पोर्टल अंतर्गत की गई थी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य वीरता पुरस्कार विजेताओं की प्रेरक जीवनगाथाओं से छात्रों को परिचित कराना और उनके मन में देशभक्ति तथा नागरिक चेतना के मूल्य स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारती है, बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती है। छात्रों को बताया कि वीरगाथा केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम भी है। प्रतियोगिता के उपरांत सभी प्रतिभागियों के पोस्टर और निबंध पोर्टल पर अपलोड किए गए। चयनित छात्रों को विभागीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षिका शशि देवी, सुनीता भास्कर, राम प्रसाद सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।