मां शीतला दरबार में भक्तों ने भव्यता के साथ खेली फूलों की होली

Mar 05, 2026 10:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

Kausambi News - होली के अवसर पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में भक्तों ने भक्ति और उल्लास के साथ फूलों की होली खेली। मंदिर को सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। गंगा घाट पर भी भव्य आरती का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों के बीच होली मनाई।

मां शीतला दरबार में भक्तों ने भव्यता के साथ खेली फूलों की होली

होली के पावन पर्व पर बुधवार को शक्तिपीठ कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंडा समाज और श्रद्धालु भक्तों ने मां शीतला मंदिर को स्वच्छ जल से धुलने के बाद सुगंधित फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और चुनरियों से अलौकिक रूप से सजाया। इस दौरान पूरा मंदिर प्रांगण फूलों की खुशबू और मां के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर समिति अध्यक्ष आत्म प्रकाश पांडेय और महामंत्री योगेश पंडा के नेतृत्व में भक्तों ने श्रद्धा भाव के साथ मां शीतला के गर्भगृह को सजाया। मां की प्रतिमा का विधिवत सोलह शृंगार किया गया।

चरणों में स्थित दिव्य कुंड को पवित्र जल से भरने के बाद पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से मां की पूजा और आरती संपन्न कराई गई। इसके बाद मंदिर प्रांगण में ही मां शीतला के लिए भोग तैयार कर अर्पित किया गया। दोपहर में भोग आरती के पश्चात श्रद्धालु भक्तों ने मां शीतला के चरणों में पुष्प, धूप और दीप अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके बाद भक्तों ने सबसे पहले मां शीतला के साथ फूलों की होली खेली। तदपश्चात मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल और गुलाल उड़ाकर होली पर्व को भक्ति और उल्लास के साथ मनाया। पंडा समाज अध्यक्ष ने बताया की पिछले कई वर्षों से मां शीतला के दरबार में दोपहर की भोग आरती के बाद फूलों की होली खेलने की परंपरा चली आ रही है। इस अद्भुत और दिव्य दृश्य को देखने के लिए कौशांबी के साथ-साथ अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कड़ा धाम पहुंचते हैं और मां के चरणों में फूलों की होली खेलकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष टिंकू पांडे ने बताया कि कड़ा धाम में होने वाली फूलों की होली का दृश्य अत्यंत अद्भुत और मनमोहक होता है, जिसे देखने के लिए भक्त पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। होली के इस अवसर पर पूरा कड़ा धाम भक्ति, आस्था और रंगों की छटा से सराबोर नजर आया। मां शीतला के जयकारों और फूलों की होली के साथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।---------------मां गंगा की आरती के साथ खेली गई होलीहोली के पावन पर्व पर बुधवार को कड़ा धाम के कुबरी घाट पर मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने फूलों और गुलाल से होली खेलकर भक्ति और उत्साह के साथ त्योहार मनाया। गंगा तट पर मां गंगा के जयकारों और होली के रंगों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।मुख्य विकास अधिकारी कौशांबी विनोद राम त्रिपाठी के निर्देश पर गंगा गोमती संस्था के बैनर तले इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष काजल किन्नर और उपाध्यक्ष मुस्कान किन्नर उपस्थित रहीं। वहीं मुस्लिम समाज से मकबूल मोहम्मद और जावेद ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में गंगा गोमती संस्था के अध्यक्ष आयोजन विनय पांडे, सदस्य श्यामू गंगावासी, अजय मोदनवाल सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।