दूसरे दिन 1592 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी आरक्षी भर्ती परीक्षा
उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में मंगलवार को सख्ती का असर देखने को मिला। दूसरे दिन, 1592 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा 8 से 10 जून तक चल रही है, जिसमें कुल 2976 अभ्यर्थियों की भागीदारी होनी है।

उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती लिखित परीक्षा में सख्ती का असर मंगलवार को दूसरे दिन भी दिखा। कड़ाई के चलते द्वितीय दिवस 1592 अभ्यर्थियों ने इम्तिहान से दूरी बना ली। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए आईजी, डीएम एवं एसपी खुद भ्रमणशील रहे। अफसरों ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया। किसी भी केंद्र से नकलची अथवा मुन्ना के पकड़े जाने की खबर नहीं है। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती लिखित परीक्षा आठ से 10 जून तक जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही है।
तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जानी है। प्रत्येक पाली में 2976 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। मंगलवार को दूसरे दिन हुई आरक्षी भर्ती परीक्षा में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान मोबाइल, घड़ी, पर्स आदि साथ ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। पहली पाली में 2976 अभ्यर्थियों में से 2162 ने परीक्षा दी, जबकि 814 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा में 2198 परीक्षार्थी ही इम्तहान में शामिल हुए और 778 अभ्यर्थी परीक्षा देने केंद्र नहीं पहुंचे। जिलाधिकारी आईजी अजय मिश्रा, डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। भर्ती परीक्षा का अंतिम चरण बुधवार को संपन्न होगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


