यूपी कॉप : पूरामुफ्ती अभी भी कौशाम्बी जिले का थाना
Kausambi News - यूपी कॉप पोर्टल में कई समस्याएँ हैं, जैसे कि प्रयागराज का पूरामुफ्ती थाना अभी भी कौशाम्बी का हिस्सा दिख रहा है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला पुलिस परामर्श केंद्र सरायअकिल की एफआईआर भी प्रदर्शित नहीं हो रही हैं, जिससे मुकदमा वादियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसपी ने सुधार की बात कही है।

यूपी कॉप पोर्टल की गड़बड़ियां दुरुस्त होने का नाम नहीं ले रही हैं। वर्षों पहले प्रयागराज में शामिल किया जा चुका पूरामुफ्ती थाना पोर्टल पर अभी भी कौशाम्बी का हिस्सा है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला पुलिस परामर्श केंद्र सरायअकिल भी थानों की सूची में शामिल है। जबकि, इनमें आज तक एक भी एफआईआर प्रदर्शित नहीं हुई है। इसकी वजह से मुकदमा वादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, एसपी ने जल्द ही गड़बड़ी दूर कराने की बात कही है। पूरामुफ्ती पहले कौशाम्बी जिले का थाना था। यहां के पुलिस अधिकारियों के पास ही इसकी कमांड रहा करती थी।
कानून व्यवस्था के मद्देनजर जनवरी 2021 के आसपास इसे प्रयागराज में शामिल कर दिया गया। अब बात यूपी कॉप पोर्टल की करें तो उसमें अभी भी पूरामुफ्ती थाना कौशाम्बी के थानों की सूची में नजर आ रहा है। हालांकि, यह प्रयागराज कमिश्नरेट के थानों की सूची में भी शामिल है। आरोप है कि कई बार इस थाने में दर्ज की जा चुकी सामान्य एफआईआर भी पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होती है। जबकि, बैन सिर्फ महिलाओं से जुड़े अपराधों की एफआईआर है। इसी तरह कौशाम्बी के थानों की सूची में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला पुलिस परामर्श केंद्र सरायअकिल भी शामिल है। इन दोनों में आज तक कोई भी एफआईआर प्रदर्शित नहीं हुई है। महिला पुलिस परामर्श केंद्र सरायअकिल को तो स्वयं मुकदमा दर्ज करने का अधिकार भी नहीं है। मुकदमा स्थानीय थाने पर ही दर्ज होता है। इसी तरह एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी से जुड़े केस स्थानांतरित किए जाते हैं। वहीं, अक्सर तो यह भी देखा जाता है कि गाजियाबाद के बजाए ऑनलाइन एफआईआर जिले के कौशाम्बी थाने में दर्ज हो जाती है। इस बाबत एसपी राजेश कुमार का कहना है कि जल्द ही गड़बड़ी दूर करा दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




