ईरान पर हुए हमले से कौशाम्बी में बढ़ी बेचैनी

Feb 28, 2026 05:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share Share
Follow Us on

Kausambi News - अमेरिका और इजरायल ने अचानक ईरान पर हमला किया, जिससे कौशाम्बी के कई परिवार परेशान हो गए हैं। ईरान में कौशाम्बी के लोग पढ़ाई और काम कर रहे हैं। लोग अपने परिजनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और भारतीय दूतावास से जानकारी लेने के लिए बेताब हैं। वीडियो कॉल के जरिए हालात जानने की कोशिश भी जारी है।

ईरान पर हुए हमले से कौशाम्बी में बढ़ी बेचैनी

अमेरिका व इजरायल ने शनिवार को अचानक ईरान पर हमला बोल दिया। इस खबर ने कौशाम्बी के कई परिवारों की नींद उड़ा दी है। कौशाम्बी के कई लोग ईरान में परिवार समेत रह रहे हैं। ईरान के विश्वविद्यालयों में कौशाम्बी के लोग पढ़ रहे हैं अथवा धर्मगुरु हैं। कौशाम्बी में लोग अपनों की सलामती की दुआएं मांग रहे हैं। जिले के करारी, मंझनपुर, रामपुर सुहेला, लहना, मझियांवा के अलावा अन्य गांवों के लोग मौजूदा समय ईरान में हैं। यह सभी लोग शिया समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। तेहरान की अंतर्राष्ट्रीय यूनिवर्सिटी में अधिकतर लोग पढ़ रहे हैं। इनमें से कई ऐसे लोग भी हैं जो वहां नौकरी कर रहे हैं।

कुछ लोग धर्मगुरु भी हैं। शनिवार को तनातनी के बीच ईरान पर इजरायल व अमेरिका ने हमला बोल दिया। दोपहर को इसकी जानकारी लोगों को मिली तो उनके होश उड़ गए। रमजान के महीने में हुए इस हमले ने लोगों का कलेजा कंपा दिया है। जानकारी मिलते ही टीवी से लोग चिपक गए। मोबाइल के माध्यम से लोगों ने जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। हकीकत क्या है, कहां-कहां हमला हुआ है, इसकी एक-एक जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू हो गया। परिजनों से बातचीत करने के लिए लोग व्याकुल हो गए थे। सोशल मीडिया पर जिस तरह से युद्ध को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, उससे लोग बहुत ज्यादा चिंतित हो गए हैं। ------------ भारतीय दूतावास की पर टिकी निगाह ईरान में कौशाम्बी के दर्जनों लोग हैं। परिवार समेत भी वहां लोग रह रहे हैं। ईरान पर हमला होने के बाद से वहां मौजूद लोगों के परिजन बौखला गए हैं। ईरान में हो रही एक-एक गतिविधि की जानकारी लेने के लिए लोग बेताब हो उठे हैं। अपनों को सही सलामत वापस बुलाने की पहल भी तेज हो चुकी है। अब सबकी निगाह भारतीय दूतावास पर टिक गई है। हालांकि भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद लोगों के लिए एडवाइजरी कर दी है। -------------- वीडियो कॉल के जरिये हकीकत जानने की कोशिश ईरान के कुम शहर में करारी के सहाब सलमान परिवार समेत रह रहे हैं। पत्नी व तीन बच्चों के साथ वह मौजूदा समय ईरान में ही हैं। करारी के मेंहदी हसन भी परिवार समेत हैं। रामपुर सुहेला के मोहम्मद रिजवी भी परिवार के साथ ही हैं। ईरान पर हमले की खबर मिली तो परिजन परेशान हो गए। वीडियो काल के जरिये बातचीत की गई। वहां के ताजा हालात जानने के लिए लोग लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।