चार घंटे तक पानी में रहा श्रमिक, ठंड ने ली जान
Kausambi News - पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के अमीना गांव में एक श्रमिक बृजलाल, जो मछली पकड़ने तालाब गया था, ठंड लगने से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बृजलाल परिवार का एकमात्र कमाने वाला था, जिसके पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के अमीना गांव का एक श्रमिक बुधवार को मछली पकड़ने के लिए करीब चार घंटे तक तालाब में रहा। परिजनों के अनुसार इस दौरान उसको ठंड लग गई। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। वहां चेकअप कर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। अमीना निवासी 40 वर्षीय बृजलाल पुत्र मंगलदास मजदूरी करता था। बुधवार को गांव की बाजार थी। इस पर बिक्री के लिए वह मछली मारने तालाब गया था। परिजनों का कहना है कि बृजलाल तकरीबन चार घंटे तक तालाब के पानी में रहा। घर लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई।
हालत गंभीर देख परिवार वाले आननफानन पास के निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि लंबे समय तक ठंडे पानी में रहने के कारण उसको अत्यधिक ठंड लग गई, जिससे जान चली गई। दिवंगत अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसके पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


