दो मवेशियों की लड़ाई से घंटे भर बाधित रहा यातायात
Kausambi News - रविवार सुबह भरवारी चौराहे पर दो मवेशियों के बीच भिड़ंत के कारण एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। लोग मवेशियों को हटाने की कोशिश में घायल हो गए। नगर पालिका की लापरवाही से मवेशी बाजार में घूमते रहते हैं, जिससे सब्जी विक्रेताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोग मवेशियों को कान्हा गोशाला में सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं।
जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी चौराहे पर रविवार की सुबह दो मवेशी आपस में भिड़ गए। वे इस कदर भिड़े कि घंटेभर मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। लोगों ने उन्हें रास्ते से हटाने की कोशिश तो उन्हें ही दौड़ा लिया। घंटेभर बाद जब दोनों शांत हुए तो आवागमन बहाल हो सका। नगर पालिका परिषद भरवारी में मवेशियों को संरक्षित रखने के लिए कान्हा गोशाला बनाई गई है। नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारियों की उदासीनता के चलते बाजारों में मवेशी टहलते और घूमते दिखाई दे रहे हैं। मवेशी बाजार में लगी हुई सब्जियों की दुकानों से भी सब्जी आदि खींचकर भागते हैं, इसके चलते सब्जी विक्रेता भी आएदिन परेशान होते हैं।

वहीं, अन्य महेशी इधर बीच तकरीबन आधा दर्जन लोगों को चोटिल कर चुके हैं। स्थानीय निवासी जीतू केसरवानी, सभासद शंकर लाल, मिथलेश, शुभम, बबलू, शिव बाबू, संदीप, सचिन, राजेश, संजय कुमार, प्रभात आदि का कहना है कि नगर पालिका में कैटल कैप्चर वाहन होने के बावजूद भी नगर पालिका के लोग इन मवेशियों को मूरतगंज में बनी कान्हा गोशाला में शिफ्ट नहीं कर रहे हैं। लोगों ने मवेशियों से हो रहे हादसे को लेकर नगर पालिका क्षेत्र में घूम रहे मवेशियों को कान्हा गोशाला में सुरक्षित करने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




