सड़क से सटे स्कूल पर मंडरा रहा खतरा

Apr 07, 2026 10:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

Kausambi News - कड़ा धाम के गिरधरपुर गढ़ी गांव में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर प्राथमिक विद्यालय के पास गिर गया। गनीमत रही कि चालक समय रहते कूद गया और उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने स्कूल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से विद्यालय को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

सड़क से सटे स्कूल पर मंडरा रहा खतरा

कड़ा धाम थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गढ़ी गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जिसने सड़क किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार वाहनों के चलते सड़क से सटकर संचालित हो रहे इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की जान हर समय जोखिम में बनी हुई है। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे लेहदरी की ओर से देवीगंज जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर सड़क किनारे पाइपलाइन को रिपेयर करने के लिये खोदे गये गड्ढे में उछलते हुए पहले 11 हजार वोल्ट के सीमेंटेड विद्युत पोल से टकराया और फिर प्राथमिक विद्यालय गिरधरपुर गढ़ी की बाउंड्री को टच करते हुए सड़क पार करके हुए दूसरी ओर पानी भरे गड्ढे में जा गिरा।

गनीमत रही कि चालक समय रहते ट्रैक्टर से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि उसे चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि ट्रैक्टर सीधे स्कूल की बाउंड्री में घुस जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाउंड्री के पास ही बच्चों के पीने का पानी के नल, शौचालय और एक कक्षा संचालित होती है। ऐसे में किसी भी क्षण बड़ा नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवीगंज-लेहदरी मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां दिन-रात हजारों वाहन, जिनमें भारी ट्रक और डंपर भी शामिल हैं, गुजरते हैं। सड़क चौड़ीकरण के बाद विद्यालय की बाउंड्री और सड़क लगभग सट गई है। स्थिति इतनी खतरनाक है कि दोनों के बीच साइकिल तक निकालने की जगह नहीं बची है। ग्रामीणों ने कई बार शिक्षा विभाग और प्रशासन से विद्यालय को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्कूल में लगभग 75 बच्चे पढ़ाई करते है. बच्चों के अभिभावक हर समय अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।घटना की सूचना पर कड़ा धाम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना में ट्रैक्टर के घायल चालक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक सड़क से सटे स्कूलों में बच्चों की जान जोखिम में डालकर शिक्षा दी जाती रहेगी।----------क्या बोले जिम्मेदारमामले की जानकारी मिली है. मै आज ही बेसिक शिक्षा अधिकारी से विद्यालय को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए वार्ता करूंगा। जल्द ही इस गंभीर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जायगा, फिलहाल शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा हेतु निर्देश दिए गए हैं।नीरज उमराव-खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।