पीएम मोदी के कार्यक्रम में कौशाम्बी से जाएंगी तीन हजार महिलाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 दिसंबर को प्रयागराज आ रहे हैं। कार्यक्रम में कौशाम्बी जिले की तीन हजार महिलाएं शामिल होंगी। इन महिलाओं में बीसी सखी,...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 दिसंबर को प्रयागराज आ रहे हैं। कार्यक्रम में कौशाम्बी जिले की तीन हजार महिलाएं शामिल होंगी। इन महिलाओं में बीसी सखी, कन्या सुमंगला, महिला समूह की सदस्य के अलावा पंचायत सहायक महिला भी शामिल होंगी। इनको वहां सम्मानित किया जाएगा। इन महिलाओं को ले जाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज में भव्य कार्यक्रम में महिला लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में मंडल के अलावा गैर जनपदों की भी महिला लाभार्थी आएंगी। जिले से 3004 महिला लाभार्थी जाएंगी। इनमें सामुदायिक शौचालय के लिए केयर टेकर महिला-428, पंचायत सहायक महिला-202, बीसी सखी-464, कन्या सुमंगला-610, महिला समूह की सदस्य-1300 लाभार्थी शामिल हैं। इन महिलाओं को व्यवस्था के हिसाब से 20 दिसंबर की शाम को अथवा 21 दिसंबर की सुबह प्रयागराज ले जाया जाएगा। इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। डीएम सुजीत कुमार ने सोमवार को इसको लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां भी सौंपी गई। महिला लाभार्थियों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए रूपरेखा तय की जा रही है। एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने भी तैयारी शुरू कर दी है। रोडवेज बस से ही अधिकतर महिलाओं को भेजने की तैयारी ही है। एआरटीओ ने बताया कि तैयारी हो रही है। अभी निर्णय नहीं हुआ है कि महिलाएं रोडवेज बस से ही जाएंगी अथवा निजी वाहनों से। निर्णय होते ही वाहनों का इंतजाम किया जाएगा।
कौशाम्बी में ठहरेंगे सात जनपदों के 6168 लाभार्थी
जनपद में सात जनपदों की 6168 लाभार्थी प्रयागराज में पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आ जाएंगी। ये महिला लाभार्थी 19 दिसंबर को आ जाएंगी और जनपद के चयनित स्कूलों में ठहरेंगी। इसके बाद इनको 20 दिसंबर की शाम को प्रयागराज ले जाया जाएगा। किस जनपद की महिला किस स्कूल में ठहराई जाएंगी, इसकी रूपरेखा तय की जा रही है। गौतमबुद्ध नगर की 180, गाजियाबाद की 370, हापुड़ की 605, हाथरस की 1107, झांसी की 1699, कासगंज की 966 और ललितपुर की 1241 महिलाएं कौशाम्बी में रूकेंगी।
10 कॉलेज चिह्नित, अधिकारी करेंगे निरीक्षण
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गैर जनपदों से आने वाली महिला लाभार्थियों को कौशाम्बी के कॉलेजों मे रोका जाएगा। इसके लिए कॉलेज चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें श्रीमती कृष्णा महाविद्यालय सयारा, बाबू सिंह डिग्री कॉलेज सयारा, आरपी डिग्री कॉलेज सयारा, जीजीआइसी कड़ा, एमपी इंटर कॉलेज मूरतगंज, भवंस मेहता डिग्री कॉलेज भरवारी, रिजवी डिग्री कॉलेज करारी, वाचस्पति डिग्री कॉलेज कोइलहा, रामसजीवन सिंह डिग्री कॉलेज जयंतीपुर, कौशाम्बी महाविद्यालय तिल्हापुर मोड़ शामिल हैं। इन कॉलेजों का जल्द ही अधिकारी निरीक्षण करेंगे और यहां की व्यवस्थाएं देखेंगे।
