चायल। हिन्दुस्तान संवाद
चरवा थाने के निमिहा मजरा सैयद सरांवा गांव में शुक्रवार दोपहर बच्चों के बीच हुए विवाद में उलाहना देने गई महिला को पड़ोसी दबंग ने पिटाई कर तमंचा लेकर दौड़ा लिया। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल महिला ने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
निमिहा मजरा सैयद सरांवा गांव का कल्लू सरोज मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। शुक्रवार सुबह वह मजदूरी करने के लिए चला गया था। दोपहर में उसका आठ वर्षीय बेटा पड़ोस के किशोर के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद पड़ोसी युवक ने उसकी नाक में दांत काट लिया। इससे उसकी नाक से खून निकलने लगा। रोते हुए किशोरी ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी मां को दी। जानकारी मिलने के बाद मां सुग्गी देवी पड़ोसी के घर उलाहना देने गई। आरोप है कि पड़ोसी दबंग गाली-गलौच कर घर से तमंचा निकाल लाया। दबंग ने महिला की जमकर पिटाई करके उसे तमंचा लेकर दौड़ा लिया। पिटाई से महिला का कान फट गया और वह लहूलुहान हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। महिला ने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे इलाज के लिए पीएचसी चरवा भेज दिया।