टेट अनिवार्यता के विरोध में जिला मुख्यालय पर गरजे शिक्षक

Feb 26, 2026 10:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

Kausambi News - उत्तर प्रदेश में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टेट अनिवार्यता के खिलाफ आंदोलन किया। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का कहना है कि 20 साल की सेवा के बाद फिर से पात्रता परीक्षा देना न्यायसंगत नहीं है।

टेट अनिवार्यता के विरोध में जिला मुख्यालय पर गरजे शिक्षक

टेट अधिसूचना से पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आंदोलन चलाया जा रहा है। इसके तहत प्राथमिक शिक्षक संघ कौशाम्बी के नेतृत्व में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम डॉ. अमित पाल को सौंपा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष और टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों ने उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर टेट अनिवार्यता के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया। प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह और राम प्रताप लाली, एससी एसटी बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष रामनरेश चौधरी सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया।

इस दौरान पैदल मार्च कर नारेबाजी करते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 29 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। जूनियर शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि नियुक्ति के समय न्यूनतम अर्हता पूरी करके ही शिक्षक भर्ती हुआ है। अब 20 साल की सेवा के बाद कोई कहे कि फिर से पात्रता परीक्षा दीजिए तो यह किसी भी प्रकार से न्याय संगत नहीं है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री रामबाबू दिवाकर ने कहा है कि हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि आवश्यक संशोधन विधेयक लाकर टेट कानून में संशोधन कर टेट अनिवार्यता से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखा जाय। इस विरोध प्रदर्शन में ईश्वर शरण सिंह, भोलानाथ चौधरी, विनय सिंह, अशोक द्विवेदी, आलोक सोनी, गुणेश त्रिपाठी, दिनेश जायसवाल, विनोद सिंह, अफरोज आलम, अरुण गोविल सिंह, रत्नेश यादव, विनीत सिंह, केशव प्रसाद, अतमम अली, रहमत अली, भीम प्रकाश, अनुराग, विनीत सिंह आदि पदाधिकारियों सहित हजारों शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।