
प्राथमिक शिक्षकों की भव्य कार्यशाला का हुआ आयोजन
Kausambi News - रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की। इसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और बाल केंद्रित शिक्षा से अवगत कराना था। शिक्षकों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक बताया, और संस्थान के डायरेक्टर ने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए निरंतर सीखने की आवश्यकता पर बल दिया।
रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस अंतर्गत संचालित समस्त विद्यालयों के प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए सोमवार को विशेष शिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों एवं बाल केंद्रित शिक्षा से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में संस्थान से जुड़े सभी प्राथमिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया। कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए संस्थान की डायरेक्टर सीमा पंवार ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि भविष्य गढ़ने वाला शिल्पकार होता है। प्राथमिक शिक्षा की नींव जितनी मजबूत होगी, विद्यार्थी का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। उन्होंने शिक्षकों से निरंतर सीखते रहने, स्वयं को अपडेट करने और बच्चों की मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं को समझने पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला का मुख्य प्रशिक्षण सत्र सृजन पब्लिशर्स प्राइवेट लिमिटेड वेस्ट मुखर्जी नगर दिल्ली द्वारा संचालित किया गया। डॉ. पल्लवी चंदेल, स्वतंत्र पांडेय द्वारा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीक, गतिविधि आधारित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। संस्थान के चेयरमैन व पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता का प्रेरक संदेश भी साझा किया गया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। यदि शिक्षक सशक्त होंगे तो समाज और राष्ट्र स्वत: सशक्त होगा। रिद्धि सिद्धि ग्रुप सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज निर्माण की मजबूत कड़ी बताया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय के कोऑर्डिनेटर नितेश द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को अनुशासित, प्रभावी एवं ऊर्जावान ढंग से संचालित करते हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर संस्थान के प्रिंसिपल शिवलाल सिंह चौहान ने समापन भाषण से किया। कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें नई सोच के साथ कक्षा में कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने डायरेक्टर, प्रशिक्षक टीम, कोऑर्डिनेटर एवं समस्त शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




