बीआरसी में ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन
Kausambi News - सिराथू बीआरसी सभागार में 'हमारा आंगन, हमारे बच्चे' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बुनियादी साक्षरता और प्रारंभिक अंकीय दक्षता को सुदृढ़ करना है। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने शिक्षकों को बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कई शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दिशा निर्देशों के अनुरूप बुनियादी साक्षरता एवं प्रारंभिक अंकीय दक्षता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिराथू बीआरसी सभागार में हमारा आंगन, हमारे बच्चे कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और नोडल शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमिकरण तथा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित निपुण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जन समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाना रहा। निपुण प्रदेश के निर्माण हेतु 5 से 8 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय दक्षता विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अंतर्गत बाल वाटिका (5-6 वर्ष) तथा कक्षा 1 व 2 में नामांकित बच्चों को शामिल किया गया है। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने उपस्थित शिक्षकों एवं कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल वाटिका में नामांकित बच्चों की समुचित देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना नोडल शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शांत, सुरक्षित और प्रोत्साहनपूर्ण वातावरण में ही बच्चे बेहतर ढंग से सीख सकते हैं। छात्र नयन मिश्रा, वेदिका, रूपाली, लक्ष्मी एवं प्रियांशी श्रीवास्तव को खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश राय, अरुण कुमार वाजपेयी, विवेक सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, शचींद्र मिश्र, अनुराग मिश्र, अमित कुमार, राज कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



