अपराधियों के घर दस्तक देकर नींद हराम करेगी खाकी
Kausambi News - जिले में अचानक अपराध बढ़ा है। हत्या और चोरी की वारदातें तेज हो गई हैं। एसपी ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि चोरी के केसों की गतिविधियों की प्रतिदिन जांच की जाए। एएसपी ने चोरों का जीना हराम करने की तैयारी की है और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में अचानक अपराध बढ़ा है। हत्या के साथ चोरी की वारदातें भी तेज हो गई हैं। आपराधिक ग्राफ बढ़ने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे तो एसपी ने कार्रवाई का फरमान जारी कर दिया। एसपी के निर्देश पर एएसपी ने चोरों का जीना हराम करने की तैयारी तेज कर दी है। सभी थानों की पुलिस को निर्देश दिया गया है कि जिनके खिलाफ चोरी के केस दर्ज हैं, उनकी गतिविधियां प्रतिदिन जांची जाएं। सत्यापन कर बाकायदा रिपोर्ट भेजी जाए। कोखराज, सैनी, महेवाघाट, पिपरी में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पश्चिमशरीरा में भी चोरी की वारदात हुई है। घटनाएं हो रही हैं, लेकिन खुलासा नहीं हो पा रहा है। थाना पुलिस सर्विलांस टीम व एसओजी के भरोसे बैठी है। घटनाएं बढ़ने पर एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने थानाध्यक्षों से नाराजगी जाहिर की है। साथ ही एएसपी राजेश कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि चोरी की घटनाओं की विस्तृत समीक्षा करके कार्रवाई की जाए। यदि थाना स्तर से लापरवाही हो रही है तो रिपोर्ट भेजें, संबंधित के भी खिलाफ कार्रवाई होगी। एएसपी ने इस मामले को लेकर शुक्रवार को सभी सीओ व थानाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की थी। निर्देश दिया था कि चोरी का केस जिनके भी खिलाफ दर्ज हैं, सभी थानाध्यक्ष उनका सत्यापन कराएं। उनकी एक-एक गतिविधि की जानकारी होनी चाहिए। इनकी निगरानी में अब कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि किसी भी तरह की चूक हुई तो वह कार्रवाई कराएंगे。
चोरों को देना होगा पूरा ब्यौरा
एएसपी ने थानाध्यक्षों को हिदायत दी है कि जिनके खिलाफ चोरी का केस दर्ज हैं, उनकी बाकायदा सूची बनाएं। इसके बाद हलका दरोगा व बीट के सिपाहियों से इनकी गतिविधियों को चेक कराएं। एक महीने के दौरान वे कहां थे, कहां-कहां गए हैं आदि। इनका मोबाइल नंबर भी हासिल किया जाए। इनके परिजनों के अलावा गांव के लोगों से मिली जानकारी की जरूर तस्दीक कराएं।
गुंडा एक्ट और गैगेंस्टर की कार्रवाई का निर्देश
एएसपी ने थानाध्यक्षों को यह भी निर्देश दिया है कि चोरों के खिलाफ कार्रवाई लगातार होनी चाहिए। जब इनका सत्यापन लगातार होगा तभी ये काबू में आएंगे। इतना ही नहीं, जिनके खिलाफ कई केस दर्ज हो चुके हैं, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराएंगे। साथ ही गैंगेस्टर भी कराएंगे। इसके साथ ही हिस्ट्रीशीट भी खोलने का निर्देश जारी किया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


