आंधी ने छीनी छत, उजड़ गए आशियाने

हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
Follow us on Google News
share

नेवादा ब्लॉक के डहिया गांव में मंगलवार रात आए आंधी ने तबाही मचाई। दो कच्चे मकान गिर गए, कई टीनशेड और छप्पर उड़ गए। तीन लोग घायल हुए हैं। पीड़ितों ने राजस्व विभाग से मुआवजा और आवास की मांग की है। नुकसान लाखों रुपये का है। तहसीलदार ने नुकसान का आकलन करने की बात कही है।

आंधी ने छीनी छत, उजड़ गए आशियाने

कसेंदा, हिन्दुस्तान संवाद। नेवादा ब्लॉक के डहिया गांव में मंगलवार रात आई आंधी ने जमकर तबाही मचाई। आंधी के चलते दो कच्चे मकान धराशायी हो गए, जबकि कई लोगों के टीनशेड और छप्पर उड़ गए। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। वहीं लाखों रुपये की गृहस्थी और पशुधन का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने राजस्व विभाग से मुआवजा और आवास की मांग की है।

डहिया गांव निवासी घनश्याम अर्कवंशी पुत्र शिव प्रताप डंपर चालक हैं। घटना के समय वह काम के सिलसिले में बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी चंद्रलेखा चार बच्चों आकाश, करन, सलोरी और राखी के साथ घर में सो रही थीं। रात में आई आंधी में उनका दो कमरों का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से चंद्रलेखा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्चे बाल-बाल बच गए। मकान गिरने से अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने दो लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है। इसी दौरान खेतों में उड़द की फसल की रखवाली कर रही राजू की पत्नी सुनीता बचने के लिए घनश्याम के घर के पास पहुंच गई थी।

मकान की दीवार गिरने से वह मलबे में दब गई। हादसे में उनके दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं जगन्नाथ पासी पुत्र डमरू के छप्पर पर महुआ का विशाल पेड़ गिर गया, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंधी से रामऔतार पाल पुत्र रामलखन पाल का टीनशेड उड़ गया। मलबे में दबकर उनकी एक बकरी की मौत हो गई, जबकि घर का सामान भी भीगकर खराब हो गया। बैजनाथ के बैल और भैंस भी मलबे में दब गए, जिन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा दुखीलाल पुत्र नकुल का टीनशेड उड़ जाने से करीब दस हजार रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ितों ने राजस्व विभाग को सूचना देकर मुआवजा और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। तहसीलदार संजय दुबे ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद पात्र पीड़ितों को आवास समेत अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।