विज्ञान प्रदर्शनी में मॉडल के माध्यम से दिखी बच्चों की मेधा
संक्षेप: Kausambi News - कौशांबी प्रेसीडेंसी स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद विज्ञान प्रदर्शनी 2025 आयोजित की गई। छात्रों ने विज्ञान, नवाचार और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। विशेष रूप से, जीरो कार्बन एमिशन सिटी का मॉडल और फायर अलार्म सिस्टम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के अधिकारियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
मंझनपुर, संवाददाता। कौशांबी प्रेसीडेंसी स्कूल एंड कॉलेज भीटी महगांव में शनिवार को अर्धवार्षिक परीक्षा के उपरांत अभिभावक-शिक्षक बैठक के साथ-साथ विज्ञान प्रदर्शनी 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए अनेक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यालय का पूरा वातावरण विज्ञान, नवाचार और उत्साह से भर गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विज्ञान को जीवन से जोड़ना और उन्हें भविष्य का वैज्ञानिक बनाना रहा। बच्चों ने इस उद्देश्य को बखूबी साकार किया। कक्षा 11वीं के छात्रों अमित चौधरी, नदौल मुस्तफा, योगेश कुशवाहा, मंताशा, जोया और अन्य ने जीरो कार्बन एमिशन सिटी पर आधारित एक अद्भुत मॉडल प्रस्तुत किया।

इस मॉडल ने यह दर्शाया कि कैसे भविष्य के शहर स्वच्छ ऊर्जा, सौर पैनल, इलेक्ट्रिक ट्रांसपोर्ट और ग्रीन बिल्डिंग के माध्यम से प्रदूषण रहित बनाए जा सकते हैं। यह प्रदर्शनी का सबसे आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल रहा। कक्षा नौवीं के छात्रों निखिल, अनंत, दिव्यांशु, आकांक्षा और अन्य ने फायर अलार्म सिस्टम का मॉडल बनाया। यह मॉडल सेंसर तकनीक के माध्यम से आग लगने पर स्वत: अलार्म बजाने की प्रक्रिया को दर्शाता था। कक्षा सात के छात्रों सहज़ान और प्रभात आदि ने जलविद्युत उत्पादन पर एक शानदार मॉडल प्रस्तुत किया। कक्षा छठी की अग्रिमा, मधु और अन्य बच्चों ने एक अत्यंत संवेदनशील विषय "कोटा सुसाइड" पर मॉडल प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी के दौरान उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने छात्रों के आत्मविश्वास, मेहनत और नवाचार की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता, फाउंडर देव गुप्ता सभी ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिम्मेदारी और नवाचार की भावना को विकसित करती हैं। फाउंडर श्री देव गुप्ता ने कहा हमारे विद्यार्थियों ने आज यह सिद्ध कर दिया है कि नवाचार और जागरूकता एक साथ चल सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




