बस्ती के बीच होलिका दहन पर प्रशासन सख्त
Kausambi News - कोखराज थाना क्षेत्र के सहजादपुर गांव के मजरा हनुमान टोला में प्रशासन ने ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर होलिका दहन स्थल को बदल दिया। अधिकारियों ने गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर होलिका दहन करने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन के साथ सहयोग किया।

कोखराज थाना क्षेत्र के सहजादपुर गांव के मजरा हनुमान टोला में वर्षों से चले आ रहे होलिका दहन स्थल को इस बार प्रशासन ने ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर बदल दिया। होलिका स्थल के आसपास मकान बन जाने से संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों को समझाते हुए सुरक्षित स्थान पर होलिका दहन के लिए प्रेरित किया। जानकारी के अनुसार होलिका दहन स्थल के चारों ओर कई पक्के व कच्चे मकान बन चुके हैं। ऐसे में जरा सी चिंगारी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में प्रशासन से शिकायत की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ एवं क्षेत्राधिकारी (डीएसपी) भैया संतोष सिंह सोमवर दोपहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मौजूदा स्थान पर होलिका दहन करना जोखिम भरा हो सकता है। उप जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को समझाया कि पर्व की खुशी तभी सार्थक है जब सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो। अधिकारियों ने आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर होलिका रखने की अपील की। अधिकारियों के प्रयास का सकारात्मक असर देखने को मिला। ग्रामीणों ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए होलिका को गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सुरक्षा के साथ मनाएं, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका न रहे। इस दौरान तहसीलदार विनय कुमार, थाना अध्यक्ष चंद्रभूषण मौर्य, राजस्व टीम एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


