Kausambi News: गंगा का जलस्तर बढ़ा, कालेश्वर घाट पर फ्लोटिंग बैरिकेडिंग दुरुस्त
Kausambi News: गंगा का जलस्तर बढ़ने से फसलों को नुकसान हो रहा है और स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। कालेश्वर घाट पर फ्लोटिंग बैरिकेडिंग दुरुस्त की गई है। श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। शुक्रवार को दो युवतियों को डूबने से सुरक्षित निकाला गया था।

Kausambi News: पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। जलस्तर बढ़ने से जहां गंगा की तराई क्षेत्र की फसलों को नुकसान हो रहा है, वहीं स्नान घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। शनिवार को कालेश्वर गंगा घाट पर फ्लोटिंग बैरिकेडिंग दुरुस्त करा दी गई है। शक्तिपीठ कड़ा धाम स्थित कालेश्वर घाट पर गंगा का जलस्तर करीब डेढ़ फीट और बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से पक्के घाट की लगभग सभी सीढ़ियां पानी में डूब गईं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय पुरोहित बम भोला पांडेय समेत अन्य लोगों ने घाट पर लगी फ्लोटिंग बैरिकेडिंग को खींचकर दुरुस्त किया। इसके अलावा गंगा की धारा में निर्धारित दायरे पर बांस और कपड़ा बांधकर सांकेतिक बैरिकेडिंग बनाई गई। लोगों ने स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित सीमा के भीतर ही स्नान करने और आगे नहीं जाने के लिए जागरूक किया। घाट पर बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
डूबने से बचाई गई थीं युवतियां-
शुक्रवार को कालेश्वर घाट पर जरा सी लापरवाही के चलते दो युवतियां गंगा में डूबने लगी थीं। जिन्हे पीएसी की जल पुलिस और कड़ा धाम पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इसके बाद घाट पर सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।


