Kausambi News: दरगाह विवाद मामले में आजाद समाज पार्टी ने कलक्ट्रेट का किया घेराव

हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
Follow us on Google News
share

Kausambi News: कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव में दरगाह में कथित तोड़फोड़ के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ा है। आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार से मिलने से रोका गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन तेज करेगी।

दरगाह विवाद मामले में आजाद समाज पार्टी ने कलक्ट्रेट का किया घेराव

Kausambi News: कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित दरगाह में कथित तोड़फोड़ के मामले ने मंगलवार को राजनीतिक तूल पकड़ लिया। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रयागराज मंडल प्रभारी आकिब जफर के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने शहजादपुर जा रहा था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे, और घेराव कर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद एडीएम ओम प्रकाश को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर हसन ने आरोप लगाया कि दरगाह में कथित तोड़फोड़ करने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जबकि दरगाह की देखरेख करने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दर्ज मुकदमे को निरस्त करने तथा वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। मंडल प्रभारी आकिब जफर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात करने आया था लेकिन उनके न मिलने पर एडीएम से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।