प्रधान ने सुपारी देकर कराई थी पूर्व प्रधान की हत्या
संदीपनघाट थाना क्षेत्र के आलमचंद के पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान रोशनलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रोशनलाल ने राजनीतिक कारणों से सुपारी देकर मनोज की हत्या कराई थी। पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

संदीपनघाट थाना क्षेत्र के आलमचंद के पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ने राजनीतिक टशन में सुपारी देकर पूर्व प्रधान की हत्या कराई थी। सुपारी लेने वाला आरोपी प्रतापगढ़ जेल में बंद है। पुलिस ने पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी का चालान कर दिया है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि आलमचंद गांव के पूर्व प्रधान मनोज कुमार को चार मई की सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने गोलियों से छलनी कर दिया था।
पूर्व प्रधान को चार गोलियां लगी थी। इलाज के दौरान एसआरएन प्रयागराज में पूर्व प्रधान ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस ने नरवर पट्टी निवासी सुलखान और नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रकरण में मुख्य आरोपी की जांच चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने नरवर पट्टी के प्रधान रोशनलाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पता चला कि राजनीतिक टशन में रोशनलाल ने पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या की सुपारी चरवा के समसपुर निवासी सूरज कुमार को सुपारी दी थी। सूरज ने सुलखान व नीरज के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। आरोपियों को तमंचा व कारतूस रोशनलाल ने ही उपलब्ध कराया था। पूछताछ के बाद आरोपी रोशनलाल का चालान कर दिया गया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किया है। एसपी ने बताया कि पुलिस सूरज की खोजबीन कर रही थी। जांच के दौरान मालूम हुआ कि सूरज प्रतापगढ़ में लंबित चल रहे एक प्रकरण में 11 मई को सरेंडर होकर जेल चला गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


