गौराहार में तीसरे दिन भी सन्नाटा, घरों में ताले
Kausambi News - गौराहार मजरा रामपुर धमावां गांव में शनिवार को राजस्व और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें 15 नामजद और 10 अज्ञात शामिल हैं। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गांव में भय का माहौल बना हुआ है। महिलाएं भी गिरफ्तारी के डर से बच्चों के साथ फरार हो गई हैं।
सैनी थाना क्षेत्र के गौराहार मजरा रामपुर धमावां गांव में शनिवार की शाम हुई राजस्व व पुलिस टीम पर जानलेवा हमले की घटना के बाद लगातार भय का माहौल बना हुआ है। सोमवार को तीसरे दिन भी यहां सन्नाटा पसरा रहा। आरोपियों की बस्ती के लगभग घरों में ताले लटके नजर आए। आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है। हालांकि, एसपी ने निर्देश दिया है कि किसी बेकसूर को परेशान न किया जाए। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम शनिवार की शाम गौराहार मजरा रामपुर धमावां गांव गई थी। यहां के रहने वाले जय सिंह पुत्र धुन्नी लाल ने अपने मकान पर कब्जा किए जाने की शिकायत की थी।
आरोप लगाया था कि उसके करीब 20 साल पुराने निर्मित मकान में गांव की ही झुलनी देवी पत्नी दयाशंकर आदि ने दूसरा ताला लगाकर कब्जा कर लिया है। जांच के दौरान उग्र हुए आरोपी पक्ष के लोगों ने राजस्व कर्मचारियों के साथ पुलिस की भी पिटाई की थी। इससे तीन आरक्षी व राजस्व निरीक्षक जख्मी हुए थे। मामले में नायब तहसीलदार अतुल कुमार की तहरीर पर 15 नामजद तथा 10 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम हुआ है। पुलिस आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य की तलाश में की जा रही है। ---- महिलाएं भी बच्चों को लेकर फरार बस्ती में सोमवार को देखा गया कि आरोपी महिलाएं भी नजर नहीं आईं। दरअसल, हमले के आरोप में कई महिलाओं को भी नामजद किया गया है। ऐसे में महिलाएं गिरफ्तारी के डर से बच्चों को लेकर पलायन कर गई हैं। जो मकान खुले मिले, उनके दरवाजों की दरारों से बुजुर्ग झांककर बाहर का माहौल देख रहे थे। हालांकि, कुछ महिलाएं घरों पर भी रहीं। वो मवेशियों को चारा देने सहित अन्य घरेलू काम कर रही थीं। फरार होने वालों के मवेशी भूख से चिल्लाते देखे गए। ---- गांव में पुलिस का डेरा, कांबिंग जारी घटना के बाद गौराहार गांव में पुलिस ने डेरा डाल दिया है। यहां दो दरोगाओं के साथ आधा दर्जन आरक्षियों की तैनाती की गई है। कांबिंग लगातार जारी है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह व डीएसपी भैया संतोष कुमार खुद भी कई-कई राउंड गांव पहुंचते हैं। अफसरों ने की ओर से संदेश दिया जा रहा है कि जो व्यक्ति घटना में शामिल नहीं थे, वह सामान्य तरीके से घर आ जाएं। किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा। ---- वर्जन- पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाए। आरोपियों को बख्शा भी नहीं जाएगा। बेकसूर ग्रामीण सामान्य तरीके से अपने घरों में रहें, उन्हें डरने की जरूरत नहीं। -राजेश कुमार, एसपी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


