Kausambi News: अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा पर दिया जोर
Kausambi News: शनिवार रात, एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस कार्यालय में एक समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम और आगमी त्योहारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। उन्होंने फटकार लगाकर थानेदारों को निर्देश दिए और पुलिस बल की तैनाती, गश्त बढ़ाने और साइबर अपराधों के खिलाफ कदम उठाने की बात कही।

Kausambi News: पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में शनिवार रात एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान मातहतों को जरुरी दिशा-निर्देश दिए। लापरवाह थानेदारों को कड़ी फटकार लगाई। पुलिस कप्तान ने बीएनएस, बीएनएसएस सहित अन्य अधिनियमों के तहत दर्ज मुकदमों की प्रगति की समीक्षा की। नकबजनी, लूट, झपटमारी और गौवध जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए। अपराध रोकने के लिए गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व हिस्ट्रीशीटरों की सक्रिय चेकिंग करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई पर जोर दिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, गश्त और चेकिंग बढ़ाने को कहा।
सड़क सुरक्षा के तहत तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूल वाहनों की नियमित जांच पर भी जोर दिया। साइबर अपराधों से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की हिदायत दी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


