ठगी के शिकार 35 पीड़ितों को राहत, मिले 11. 84 लाख

Feb 28, 2026 10:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share Share
Follow Us on

Kausambi News - कौशाम्बी पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार 35 पीड़ितों को राहत दी है। एसपी राजेश कुमार ने साइबर टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया। पीड़ितों ने साइबर टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 11 लाख 84 हजार 181 रुपये वापस कराए और 30 लाख रुपये होल्ड कराए।

ठगी के शिकार 35 पीड़ितों को राहत, मिले 11. 84 लाख

डिजिटल अरेस्ट, खौफ या फिर अन्य किसी लालच में फंसकर जमा पूंजी गवाने वाले 35 पीड़ितों को कौशाम्बी पुलिस ने बड़ी राहत दी है। इनके खातों में ठगी गई रकम वापस कराई गई है। शनिवार को एसपी कार्यालय में मीडिया के सामने पहुंचे पीड़ितों ने पुलिसिया कार्यशैली की मुक्त कंठ से सराहना की। वहीं, एसपी राजेश कुमार ने साइबर थाने की पुलिस टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया है। ठगी का शिकार हुए लोगों ने विभिन्न तिथियों में साइबर टोल फ्री नंबर-1930 अथवा साइबर पोर्टल पर खुद के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई थी।

एसपी राजेश कुमार ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लिया। उन्होंने साइबर थाना पुलिस टीम को आवश्यक विधिक कार्यवाई करते हुए रुपये होल्ड कराने और संबंधित के खाते में वापस कराने के आदेश दिए। साइबर क्राइम पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं अन्य तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए बैंक खातों को चिन्हित किया। तत्पश्चात एनसीआरपी पोर्टल पर होल्ड धनराशि के संबंध में बैंक शाखाओं को पत्राचार कर विवरण उपलब्ध कराया। न्यायालय से समन्वय स्थापित कर धारा-503 (बीएनएसएस) के तहत 35 पीड़ितों के खातों में कुल 11 लाख 84 हजार 181 रुपये वापस करा दिए। इसके अतिरिक्त साइबर फ्रॉड के लगभग 30 लाख रुपये बैंक खातों में होल्ड भी कराए गए हैं। ---- पीड़ितों की जुबानी केस-01 डीएसपी बनकर किया डिजिटल अरेस्ट सिराथू निवासी मंतशा अफसार एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने नया मोबाइल खरीदा था। करीब तीन माह पहले डीएसपी सिराथू बनकर शातिर ने कॉल किया। उनके मोबाइल के मिसयूज्ड होने की बात कहते हुए जेल भेजने की धमकी दी।। करीब एक घंटे में तीन बार आरोपी ने फोन किया। डर की वजह से उन्होंने 22 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने 16 हजार पांच सौ रुपये वापस करा दिए हैं। ---- केस-02 मुकदमे का डर दिखाकर 50 हजार ठगे पइंसा के जगन्नाथपुर निवासी इलियास का चचेरा भाई सऊदी अरब में रहकर नौकरी करता है। पिछले दिनों उनके पास फोन आया कि चचेरा भाई एक अपहरण के मुकदमे में फंस गया है। जेल जाने से बचाने के लिए पैसा मांगा गया। डर की वजह से इलियास ने बताए गए नंबर पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर शिकायत की। पुलिस ने पूरी रकम वापस करा दी है। ---- केस-03 पिता को बीमार बताकर ठग लिया करारी के थांबा अलावलपुर गांव की छाया मलिक ने बताया कि उसके पिता राम प्रवेश महाराष्ट्र में वाहन चलाते हैं। पिछले दिनों उसके पास अंजान नंबर से फोन करके बताया गया कि पिता बीमार हैं व अस्पताल में भर्तीं हैं। दवा के लिए पैसा मांगा गया। छाया के मुताबिक उसने पिता के नंबर पर कॉल किया तो तीन बार घंटी जाने के बाद भी फोन नहीं उठा। डर की वजह से उसने बताए गए क्यूआर कोड पर 17 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ---- जागरूकता जरूरी -साइबर अपराध के शिकार होने पर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत करें। -वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत पंजीकृत करें। -अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर पहुंचकर शिकायत करें। -किसी के लालच में आकर अपने पैसे उसे ट्रांसफर न करें। -व्हॉट्सएप या मैसेज में आए किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।