
एसपी ने लिखा, एसएचओ कोखराज आपकी चौकी पर सुनवाई नहीं हो रही
Kausambi News - कोखराज की सिंघिया चौकी पुलिस ने भैंस चोरी की पीड़िता की सुनवाई नहीं की। एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएचओ को निर्देश दिया कि एफआईआर दर्ज करें। पीड़िता ने 22 नवंबर को भैंस खोई थी, और कार्रवाई न होने पर उसने 19 दिसंबर को एसपी को शिकायत की। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है।
भैंस चोरी के एक प्रकरण में कोखराज की सिंघिया चौकी पुलिस ने पीड़िता की सुनवाई नहीं की। मामला एसपी राजेश कुमार के पास पहुंचा। उन्होंने पीड़िता के शिकायती पत्र पर ही लिखा कि एसएचओ कोखराज आपकी चौकी पर सुनवाई नहीं की जा रही है। आप स्वयं जांच कर एफआईआर दर्ज करें। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है। कोखराज थाना क्षेत्र के रामपुर सुहेला खास गांव की सूरसती देवी पत्नी भुल्ली उर्फ संतोष ने बताया कि उसने एक भैंस पाल रखी थी। 22 नवंबर की दोपहर गांव का ही दुलारे पुत्र ननकू अपने साथियों को भैंस दिखाकर चला गया।
इसके बाद 24 नवंबर की रात पीड़िता भैंस को घर के समीप बांधकर सो गई। सुबह उठकर देखा तो भैंस गायब थी। खोजबीन के दौरान पता चला कि आरोपी दुलारे व उसके दो साथियों ने ही भैंस चोरी की है। पीड़िता ने घटना की तहरीर 26 नवंबर को सिंघिया चौकी पुलिस को दी थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। एक दिसंबर को कोखराज इंस्पेक्टर से शिकायत की गई तो उनके कहने पर चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों को घंटों चौकी पर बुलाकर बैठाए रखा। फिर आरोपियों को छोड़ दिया। परेशान होकर पीड़िता ने 19 दिसंबर को एसपी को पत्र देकर गुहार लगाई। उसके शिकायती पत्र में ही एसपी ने साफ लिखा कि एसएचओ कोखराज, आपकी चौकी पर सही ढंग से सुनवाई नहीं की जा रही है। स्वयं देखें और एफआईआर दर्ज करें। कोखराज थाना प्रभारी सीबी मौर्य का कहना है कि मुकदमा कायम कर लिया गया है। जल्द ही प्रकरण का निस्तारण किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




