ट्रेलर चालक की हत्या का आरोपी इनामी गिरफ्तार
Kausambi News - कोखराज थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष उर्फ मनेश को गिरफ्तार किया। मनीष पर ट्रेलर चालक साबरमल की हत्या कर ट्रेलर लूटने का आरोप है। घटना में शामिल अन्य बदमाशों में से एक को मुठभेड़ में...
मंझनपुर, संवाददाता कोखराज थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष उर्फ मनेश को गिरफ्तार किया। उस पर चालक की हत्या कर ट्रेलर लूटने का आरोप है। ट्रेलर में रेलवे का करीब तीन करोड़ रुपये कीमत का कॉपर का तार लदा था। लिखापढ़ी के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया है। राजस्थान प्रांत के अजमेर का रहने वाला साबरमल पेशे से ट्रेलर चालक था। वह गुजरात से रेलवे का कॉपर का तार ट्रेलर पर लादकर प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन जा रहा था। 16 मई 2025 को कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा गांव के समीप उसकी हत्या कर लाश झाड़ियों में फेंक दी गई थी।
बदमाश हत्या के बाद करीब तीन करोड़ रुपये कीमत का तार लदा ट्रेलर लूटकर फरार हो गए थे। ट्रेलर की भी कीमत लगभग 60 लाख बताई गई थी। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बदमाश संतोष राजभर निवासी पोरई खुर्द थाना खेतासराय जनपद जौनपुर को मुठभेड़ में मार गिराया जा चुका है। उसके सात साथी जेल भेजे जा चुके हैं। उसी के गांव के फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष उर्फ मनेश पुत्र स्व. सुरेश की तलाश की जा रही थी। गांव से ही उसको गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में घटना को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार कर लिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




