
महापरिनिर्वाण दिवस पर अलर्ट मोड पर रही पुलिस
Kausambi News - संविधान रचायिता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। सभी थानों की टीमों ने महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया और होटल, ढाबों पर गश्त की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पूरा कार्यक्रम शांति से संपन्न हुआ।
संविधान रचायिता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस एवं 6 दिसंबर के विशेष दिन को दृष्टिगत रखते हुए जनपद की पुलिस टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थानों की पुलिस ने आम्बेडकर पार्क व स्थलों का निरीक्षण किया। हाइवे के थानों की पुलिस ने होटल व ढाबों को भी चेक किया। सैनी व कोखराज थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार से लेकर शनिवार सुबह तक प्रयागराज कानपुर नेशनल हाइवे में लगातार गश्त कर होटल एवं रेस्टोरेंट के साथ पेट्रोल पंपों पर पैनी नजर बनाये रहे। थानाध्यक्ष कोखराज चंद्र भूषण मौर्य,थाना अध्यक्ष सैनी धर्मेंद्र सिंह एवं कड़ा धाम थानाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पांडे ने लोगों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

डीएसपी सिराथू सत्येंद्र तिवारी के नेतृत्व में सैनी थाना, कोखराज एवं कड़ा धाम थानाध्यक्ष ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ संवेदनशील स्थलों,मस्जिदों,बाबा साहब की मूर्ति स्थल, प्रमुख बाजारों व भीड़भाड़ वाली जगहों का गहन निरीक्षण करते रहे। पुलिस टीमों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कोखराज के इंस्पेक्टर चंद्र भूषण मौर्य ने क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर स्थानीय निवासियों को बताया कि पुलिस प्रशासन हर समय तत्पर है और शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी तरह सैनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, गाँवो में पैदल गश्त कर लोगों को सतर्क रहने और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। सिराथू तहसील क्षेत्र में शनिवार देर शाम संविधान रचायिता बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस का पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




