
पासरों व खनन टीम के बीच रात भर चला शह-मात का खेल
Kausambi News - सोमवार रात को डीएमओ और खनन निरीक्षक ने जिले में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। अधिकारियों की गतिविधियों की जानकारी मिलते ही पासर सक्रिय हो गए। कई वाहनों को सीज किया गया और ऑनलाइन चालान किया गया। अधिकारियों के प्रयासों से रात भर हड़कंप मचा रहा।
ओवरलोडिंग के विरुद्ध सोमवार की रात डीएमओ व खनन निरीक्षक ने जिले भर में अभियान चलाया। अधिकारीद्वय के निकलने की जानकारी होते ही पासर भी सक्रिय हो गए। दोनों के बीच रात भर शह-मात का खेल चलता रहा। मंगलवार की भोर में पकड़े चार वाहनों को कोखराज थाने में सीज कर दिया गया। इसके अलावा भरवारी व करारी क्षेत्र में दो वाहनों का ऑनलाइन चालान किया गया। सोमवार की रात ओवरलोड चलने वाले वाहनों के विरुद्ध खान अधिकारी चंद्र प्रकाश जायसवाल व खनन निरीक्षक शत्रुघ्न सिंह ने अभियान चलाया। रात में अधिकारी जिस रूट पर जाते उस रूट के वाहन प्रमुख सड़कों से गायब हो जा रहे थे।
आधी रात तक एक भी वाहन नहीं मिलने पर दोनों अधिकारी आवास आ गए। उनके आवास पहुंचने की सूचना जैसे ही पासरों ने वाहन स्वामियों व चालकों को दिया तो सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहनों का निकलना शुरू हुआ। लगभग पौन घंटे बाद अधिकारी पुन: सड़क पर गए। रात एक बजे अधिकारियों के दोबारा सड़क पर आते ही फिर से हड़कंप मच गया। इस दौरान कोखराज में टीम को चार ओवरलोड वाहनों को पकड़ने में सफलता मिली। पकड़े गए चारों वाहनों को थाने में सीज करते हुए दोनों भरवारी के रास्ते से निकले। इस दौरान में एक ओवरलोड वाहन मिला। रुकवाते ही चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस पर उसका ऑनलाइन चालान करना पड़ा। भरवारी से करारी जाते समय भी एक वाहन का यही हाल हुआ। इसका भी ऑनलाइन चालान किया गया। अधिकारियों द्वारा रात भर चलाए गए अभियान को लेकर पॉसरों व वाहन स्वामियों में हड़कंप रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




