बांह में काली पट्टी बांधकर किया विरोध
Kausambi News - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने दो माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर रोष जताया और चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक भुगतान नहीं हुआ, तो कार्य बहिष्कार करेंगे। संघ ने शासन से समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने सोमवार को दो माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर बांह में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के आह्वान पर प्रदेश के सभी जनपदों के साथ कौशांबी में भी यह प्रदर्शन किया गया। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के निर्देशन में कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विभाग के प्रति अपना रोष जताया। प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने बताया कि चिकित्सक, एएनएम, स्टॉफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टॉफ, बीपीएम, बीसीपीएम तथा मैनेजमेंट स्टॉफ सहित हजारों संविदा कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर इस विरोध कार्यक्रम में भाग लिया।जिलाध्यक्ष
डॉ. अरुण केसरवानी ने कहा कि मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अभी तक नहीं मिलने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन कर्मचारी बच्चों की फीस, किताबें और घरेलू जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हैं, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 19 और 20 मई 2026 को भी प्रदेशव्यापी विरोध जारी रहेगा। यदि 20 मई तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई 2026 से पूरे प्रदेश में एनएचएम के सभी संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। हालांकि, मंडल अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाओं को सुचारू रूप से चलाया जाएगा। संघ नेतृत्व ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल लंबित मानदेय जारी किया जाए, ताकि आंदोलन की स्थिति से बचा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


