अब विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देगी खाकी

अब विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देगी खाकी

संक्षेप:

Kausambi News - मंझनपुर में विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने के लिए अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलेगा। डीएसपी शिवांक सिंह ने छात्रों को नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी, जिसमें जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।

Oct 30, 2025 10:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

मंझनपुर, संवाददाता। दोआबा की खाकी अब विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की भी जानकारी देगी। इसके लिए डीजीपी के निर्देश पर बाकायदा अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को जिले में अभियान का शुभारंभ कर दिया गया। एसपी राजेश कुमार ने लापरवाही बरतने पर मातहतों को कार्रवाई की चेतावनी दी है। मंझनपुर से सटे ओसा स्थित एमवी कांवेंट स्कूल में कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मंझनपुर डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि यह अभियान 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक चलेगा। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नए कानूनों की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर सुनील कुमार सिंह तथा मिशन शक्ति टीम भी उपस्थित रही।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इंस्पेक्टर ने कहा कि एक जुलाई 2024 से लागू तीन नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन व जन भागीदारी के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नए कानून की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। बताया कि जीरो एफआईआर की सुविधा से अब पीड़ित किसी भी थाने में शिकायत दर्ज करा सकता है। ई-एफआईआर से ऑनलाइन शिकायत की व्यवस्था होगी, जो समय बचाएगी। समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने के लिए जांच व ट्रायल की समयसीमा निर्धारित की गई है। महिला एवं बाल संरक्षण के मजबूत प्रावधानों पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि यौन अपराधों में सख्त सजा व पीड़िता की गोपनीयता का ध्यान रखा गया है। प्रौद्योगिकी व फोरेंसिक के उपयोग से सबूत संग्रह मजबूत होगा, जैसे सीसीटीवी, डिजिटल रिकॉर्ड और फोरेंसिक जांच अनिवार्य कर दी गई है। पीड़ित केन्द्रित दृष्टिकोण अपनाया गया है, जिसमें मुआवजा, सहायता और न्याय प्रक्रिया में भागीदारी शामिल है। अफसरों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन कानूनों को समझें व समाज में जागरूकता फैलाएं। वहीं, दूसरी ओर जिले के अन्य थानेदारों तथ सर्किल अफसरों ने भी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाया। ----