वैज्ञानिक सोच विकसित करें विद्यार्थी : डॉ. नीरज
Kausambi News - 28 फरवरी को कौशांबी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन महामाया राजकीय पॉलिटेक्निक चायल में किया गया। इसमें सीवी रमन के योगदान पर व्याख्यान, मॉडल एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मुख्य अतिथि संजय कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और तर्कशक्ति के विकास पर जोर दिया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन) के दिशा निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब कौशांबी द्वारा 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का आयोजन महामाया राजकीय पॉलिटेक्निक चायल में किया गया। जिसमें महान भारतीय वैज्ञानिक सीवी रमन के विज्ञान के कार्यों, योगदान एवं रमन प्रभाव पर विशेषज्ञों द्वारा वैज्ञानिक व्याख्यान तथा विद्यार्थियों के मध्य मॉडल, पोस्टर, विज्ञान मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों में खोज की प्रवृत्ति का जागृत होना आवश्यक है। विज्ञान समझने के लिए तर्क का होना आवश्यक है।
तार्किक शक्ति के द्वारा ही विद्यार्थी नवीन तकनीक, नवाचार एवं जुगाड़ की तकनीक विकसित करते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक जिज्ञासा को उजागर अवश्य करें। कम संसाधन में भी जीवन में संघर्ष करके आप सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम से निश्चित ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक जागरूकता उत्पन्न होगी। विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार सचिव इंस्टीट्यूट आफ अप्लाइड साइंसेज प्रयागराज ने कहा कि विद्यार्थियों एवं आम जनमानस में विज्ञान के प्रति अभिरुचि उत्पन करना एवं उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना आवश्यक है। सीवी रमन द्वारा भौतिकी के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए रमन इफेक्ट के विषय में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया और प्रकाश स्पेक्ट्रोस्कोपी, रेनबो को भी समझाया। प्राचीन भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, तकनीकीविदों, चिकित्सकों द्वारा किए गए योगदानों एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्र में विज्ञान प्रौद्योगिकी की उपलब्धियों की ओर विद्यार्थी तथा सामान्य जनमानस का ध्यान आकर्षित किया। युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (स्टेम)में कैरियर बनाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित भी किया। इंस्टीट्यूट आफ अप्लाइड साइंसेज प्रयागराज के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. मोहम्मद मसूद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के लिए वैज्ञानिक चुनौतियों की पहचान कर हमें देश को आगे बढ़ाना है। नवाचार को बढ़ावा देने और सामाजिक समस्याओं को हल करने के लिए विभिन्न विषयों में वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता है। कार्यक्रम के उद्देश्य को बताते हुए समन्वयक जिला विज्ञान क्लब वसीम अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिन 28 फरवरी 1928 को भारतीय भौतिक विज्ञानी सर सी.वी. रमन द्वारा ''''रमन इफेक्ट'''' की खोज की घोषणा की याद में मनाया जाता है। इस खोज के लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। भारत सरकार ने 1986 में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में नामित किया था और पहला आयोजन 28 फरवरी 1987 को हुआ। कार्यक्रम में आयोजित मॉडल प्रदर्शनी में राजकीय पॉलिटेक्निक चायल के शिव दानी प्रथम, कंपोजिट विद्यालय पुरखास की इकरा ने द्वितीय एवं राजकीय पॉलिटेक्निक चायल के आजाद तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार पोस्टर प्रदर्शनी में यूपीएस लालापुर चायल के परमेश प्रथम, फरीदपुर सलेम की सृष्टि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मौखिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी में आनंद दिवाकर नीरज, दीपांशु, सूरज प्रताप, शिवम् कुमार एवं इरम चयनित हुए। सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विज्ञान के प्रचार प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो शिक्षकों को मुख्य अतिथि द्वारा विज्ञान संचारक सम्मान से नवाजा गया। जिसमें कंपोजिट विद्यालय पुरखास नेवादा की विज्ञान शिक्षिका विभा पटेल एवं सीपी पायलट इंटर कॉलेज बेनीराम कटरा के विज्ञान शिक्षक मदन मोहन शुक्ल शामिल हैं। अंत में महामाया राजकीय पॉलिटेक्निक चायल के प्रधानाचार्य आरके पटेल ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान संचारक आयूष साहू ने किया। इस अवसर पर भावना चौरसिया, शालिनी, रजिया बानो, सुमन मिश्रा, धीरेंद्र सिंह, मिस्बाहुल हक, राधेश्याम कुशवाहा, जितेंद्र त्रिपाठी, सोनू केसरवानी, संदीप कुशवाहा, जमुना त्रिपाठी संतोष मिश्र आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


